आगामी SIR को लेकर उत्तराखण्ड में बीएलओ आउटरीच अभियान 10 जनवरी तक बढ़ाया गया

आगामी SIR को लेकर उत्तराखण्ड में बीएलओ आउटरीच अभियान 10 जनवरी तक बढ़ाया गया
Spread the love

देहरादून।आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर उत्तराखण्ड में चल रहे “बीएलओ आउटरीच अभियान” को आगामी 10 जनवरी तक बढ़ा दिया गया है। प्रदेश में इन दिनों Pre-SIR गतिविधियों के अंतर्गत प्रत्येक मतदाता तक पहुँच, समन्वय और संवाद स्थापित करने का कार्य किया जा रहा है। इस अभियान के तहत वर्तमान मतदाताओं की वर्ष 2003 की मतदाता सूची से मैपिंग की जा रही है। अब तक Pre-SIR अभियान में लगभग 65 प्रतिशत मतदाताओं की 2003 की मतदाता सूची से मैपिंग पूरी की जा चुकी है।

सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री मस्तू दास ने बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के क्रम में मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम की पहल पर 1 दिसंबर 2025 से बीएलओ आउटरीच अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान से जुड़े ERO, BLO एवं फील्ड ऑफिसर्स की अथक मेहनत से बेहद सीमित समय में लगभग 65 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग की जा चुकी है। मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस अभियान को 10 जनवरी तक जारी रखने का निर्णय लिया गया है।

उन्होंने बताया कि Pre-SIR चरण में प्रदेश के उन मतदाताओं की, जिनकी आयु 38 वर्ष या उससे अधिक है और जिनके नाम वर्ष 2003 की मतदाता सूची में दर्ज हैं, BLO ऐप के माध्यम से सीधे मैपिंग की जा रही है। वहीं, जिन मतदाताओं के नाम 2003 की मतदाता सूची में किसी कारणवश दर्ज नहीं हैं, लेकिन उनके माता-पिता के नाम उस सूची में मौजूद हैं, तो ऐसे मतदाताओं की उनके माता-पिता अथवा दादा-दादी के नाम के आधार पर progeny के रूप में मैपिंग की जा रही है।

सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि वर्ष 2003 की मतदाता सूची www.ceo.uk.gov.in एवं www.voters.eci.gov.in पर सर्च की जा सकती है। उन्होंने जनसामान्य से अपील की है कि वे BLO को अपेक्षित जानकारी उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदाता के मताधिकार की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए BLO द्वारा हर मतदाता से समन्वय, संवाद और पहुँच सुनिश्चित की जा रही है।

देवभूमि खबर

Related articles