उत्तरकाशी में विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई, ₹10 हजार की रिश्वत लेते अमीन रंगेहाथ गिरफ्तार

उत्तरकाशी में विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई, ₹10 हजार की रिश्वत लेते अमीन रंगेहाथ गिरफ्तार
Spread the love

देहरादून। विजिलेंस ने बृहस्पतिवार को उत्तरकाशी के प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) भटवाड़ी कैंप कार्यालय में तैनात अमीन टीकाराम नौटियाल को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया। आरोपी ने एक किसान से उसके खेत के मुआवजे की फाइल आगे बढ़ाने के नाम पर रिश्वत मांगी थी। गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस टीम ने आरोपी के घर पर भी तलाशी ली, जहां से कुछ कागजात और अन्य सामग्री बरामद की गई। आरोपी को शुक्रवार को विशेष विजिलेंस न्यायालय, देहरादून में पेश किया जाएगा।

पीड़ित लगातार अधिकारियों के चक्कर काट रहा था। इसी दौरान उसकी मुलाकात अमीन टीकाराम नौटियाल से हुई। नौटियाल ने पूरी प्रक्रिया समझाने के बाद कार्य शीघ्र कराने के लिए 20 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की। पीड़ित के विरोध पर आरोपी ने राशि घटाकर 10 हजार रुपये कर दी और उसे पैसे लेकर उत्तरकाशी स्थित अपने कार्यालय बुलाया।

शिकायतकर्ता ने इस संबंध में विजिलेंस में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें बताया गया कि भूमि मुआवजे से संबंधित फाइल को आगे बढ़ाने के लिए अमीन द्वारा लगातार रिश्वत की मांग की जा रही थी।

शिकायत के सत्यापन के बाद विजिलेंस ने ट्रैप टीम का गठन किया और तय योजना के अनुसार आरोपी को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

देवभूमि खबर

Related articles