सफाई कर्मचारियों को भी मिले पाँच–पाँच बिस्वा भूमि आवंटन, नगर निगम महापौर से की मांग
देहरादून। राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी मजदूर यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी नरेश वैध के नेतृत्व में नगर निगम यूनियन की शाखा के पदाधिकारियों ने नगर निगम महापौर सौरभ थपलियाल से शिष्टाचार भेंट कर सफाई कर्मचारियों से जुड़ी महत्वपूर्ण समस्याओं को उनके समक्ष रखा।
नगर निगम शाखा के अध्यक्ष सुनील कुमार उर्फ सोनू खैरवाल ने महापौर को अवगत कराया कि पूर्व में नगर निगम द्वारा सामान्य कर्मचारियों को पाँच–पाँच बिस्वा भूमि आवंटित की गई थी, लेकिन उस समय सफाई कर्मचारियों को इस सुविधा से वंचित रखा गया।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में अधिकांश सफाई कर्मचारी बिंदाल नदी, रिस्पना नदी एवं अन्य नदी-नालों के किनारे निवास कर रहे हैं, जो अतिक्रमण हटाने व चौड़ीकरण की जद में हैं और कभी भी बेघर हो सकते हैं।
इस गंभीर स्थिति को देखते हुए सोनू खैरवाल ने महापौर से मांग की कि पूर्व की भांति पूर्व निर्धारित सर्किल रेट पर सफाई कर्मचारियों को भी पाँच–पाँच बिस्वा भूमि का आवंटन किया जाए, ताकि उन्हें सुरक्षित आवास मिल सके। प्रतिनिधिमंडल ने आशा व्यक्त की कि नगर निगम प्रशासन सफाई कर्मचारियों की इस न्यायोचित मांग पर सकारात्मक निर्णय लेगा।

