HTML tutorial
HTML tutorial

उत्तराखंड चैलेंज फुटबॉल कप में एनडीएस ऋषिकेश और गढ़वाल राइफल्स एक्स-आर्मी बनी चैंपियन

उत्तराखंड चैलेंज फुटबॉल कप में एनडीएस ऋषिकेश और गढ़वाल राइफल्स एक्स-आर्मी बनी चैंपियन
Spread the love

देहरादून। देहरादून फुटबॉल एकेडमी (डीएफए) और खेलो मास्टर्स गेम्स फाउंडेशन ऑफ उत्तराखंड के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित उत्तराखंड चैलेंज फुटबॉल कप 2026 का समापन रोमांचक मुकाबलों के साथ हुआ। प्रतियोगिता के अंडर-15 वर्ग में एनडीएस ऋषिकेश और 50 प्लस वर्ग में गढ़वाल राइफल्स एक्स-आर्मी टीम ने खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता में प्रदेशभर की 28 टीमों के लगभग 500 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।

प्रतियोगिता के आयोजक एवं डीएफए के संस्थापक अध्यक्ष और मुख्य प्रशिक्षक डॉ. वीरेंद्र सिंह रावत ने बताया कि प्रतियोगिता में अंडर-15 वर्ग की 16 और 50 प्लस वर्ग की 12 टीमों ने हिस्सा लिया। मुकाबले लीग-कम-नॉकआउट आधार पर आयोजित किए गए। आयोजकों की ओर से खिलाड़ियों के लिए पारंपरिक पहाड़ी भोजन और चाय की व्यवस्था भी की गई, जिसकी खिलाड़ियों ने सराहना की।

अंडर-15 वर्ग के फाइनल में एनडीएस ऋषिकेश ने देहरादून फुटबॉल एकेडमी को हराकर चैंपियनशिप जीती। मुकाबले के 55वें मिनट में एनडीएस ऋषिकेश के एकलव्य ने निर्णायक गोल दागकर टीम को जीत दिलाई। शानदार प्रदर्शन के लिए एकलव्य को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी और डीएफए के कार्तिक राणा को सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर का पुरस्कार दिया गया।

                    50 प्लस वर्ग के फाइनल में गढ़वाल राइफल्स एक्स-आर्मी टीम ने उत्तराखंड एफसी को 2-1 से पराजित किया। विजेता टीम की ओर से मनीष शर्मा और अमन ने गोल किए, जबकि उत्तराखंड एफसी की ओर से सुरेंद्र पुन ने एकमात्र गोल किया। गढ़वाल राइफल्स के राहुल बिजलवान को सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर और उत्तराखंड एफसी के अमन को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।

विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, पदक, प्रमाणपत्र, बैग और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। पूर्व भारतीय फुटबॉल खिलाड़ी कमल सिंह रावत, राष्ट्रीय खिलाड़ी विमल सिंह रावत, मनोज नेगी और खड़क बहादुर सहित अन्य अतिथियों ने खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए। प्रतियोगिता में प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को क्रमशः सात हजार और पांच हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि दी गई।

डॉ. वीरेंद्र सिंह रावत ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी खिलाड़ियों, सहयोगियों और आयोजकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से रेफरी वरुण चौहान, हिमांशु प्रजापति, हर्षित, मनोज और आशीष नेगी सहित अन्य सहयोगियों के योगदान की सराहना की।

उन्होंने कहा कि देहरादून फुटबॉल एकेडमी पिछले 27 वर्षों से विभिन्न आयु वर्गों की फुटबॉल प्रतियोगिताएं आयोजित कर रही है। इस दौरान हजारों युवाओं को फुटबॉल में आगे बढ़ने के अवसर मिले हैं। एकेडमी खिलाड़ियों के साथ-साथ प्रशिक्षकों और रेफरी तैयार करने में भी योगदान दे रही है।

डॉ. रावत ने कहा कि खेल युवाओं को नशे और अस्वस्थ जीवनशैली से दूर रखने के साथ अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच विकसित करने में मदद करता है। फुटबॉल के माध्यम से युवाओं को बेहतर भविष्य की दिशा देना एकेडमी का प्रमुख उद्देश्य है।

डॉ. रावत ने बताया कि इंडिया खेलो फुटबॉल के छठे सत्र के अंतर्गत उत्तर क्षेत्रीय राष्ट्रीय चयन ट्रायल 1 नवंबर 2026 को डीएफए मैदान, भागीरथी एन्क्लेव, गूलर घाटी रोड, देहरादून में आयोजित किया जाएगा। इसमें वर्ष 2009 से 2016 के बीच जन्मे बालक एवं बालिका खिलाड़ी प्रतिभाग कर सकेंगे। चयनित खिलाड़ियों को आगे की चयन प्रक्रिया में हिस्सा लेने का अवसर मिलेगा। उन्होंने प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों से ट्रायल में भाग लेकर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने की अपील की।

देवभूमि खबर

Related articles