भ्रष्टाचार, अपराध और बेरोज़गारी के खिलाफ कांग्रेस का निर्णायक जन-जागरण

भ्रष्टाचार, अपराध और बेरोज़गारी के खिलाफ कांग्रेस का निर्णायक जन-जागरण
Spread the love

देहरादून। भ्रष्टाचार, महिला अपराध, बेरोज़गारी और प्रशासनिक अराजकता के खिलाफ उत्तराखंड कांग्रेस ने निर्णायक संघर्ष का ऐलान किया है। इसके तहत आगामी तीन महीनों तक राज्यव्यापी जन-जागरण अभियान चलाया जाएगा, जिसकी शुरुआत 16 फरवरी को राजभवन घेराव से होगी।

आज उत्तराखंड कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, चुनाव प्रबंध समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत तथा सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा और मनोज यादव की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक के उपरांत सभी नेताओं ने संयुक्त रूप से प्रेस वार्ता को संबोधित किया।

प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने एक स्वर में भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राज्य आज भ्रष्टाचार, महिला अपराध, बेरोज़गारी और प्रशासनिक अव्यवस्था के सबसे बुरे दौर से गुजर रहा है। भाजपा सरकार ने अपने कार्यकाल में रिकॉर्ड तोड़ भ्रष्टाचार, अन्याय, उत्पीड़न और नौकरियों की बंदरबांट को ही अपनी पहचान बना लिया है। सरकार जनता के प्रति जवाबदेह होने के बजाय सत्ता के संरक्षण में भ्रष्टाचारियों को बचाने में जुटी हुई है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस, मुख्य विपक्षी दल होने के नाते, इन जनविरोधी नीतियों के खिलाफ तीन माह तक व्यापक जन-जागरण अभियान चलाएगी, जिसमें युवा, महिला, किसान, कर्मचारी और बेरोज़गार सहित समाज के सभी वर्गों को जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने सत्ता को लूट, झूठ और दमन का औज़ार बना दिया है। उत्तराखंड आज भ्रष्टाचार की प्रयोगशाला, महिला असुरक्षा की राजधानी और बेरोज़गारी का गढ़ बन चुका है।

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि भाजपा सरकार की नाकामी अब हर घर तक पहुंच चुकी है। किसान आत्महत्या कर रहे हैं और सरकार मूक दर्शक बनी हुई है। कांग्रेस सड़कों से लेकर सदन तक जनता की आवाज़ को मजबूती से उठाएगी। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड से लेकर नौकरियों की बंदरबांट तक हर मामले में सरकार का असली चेहरा सामने आया है।भाजपा का “डबल इंजन” उत्तराखंड के लिए डबल अत्याचार साबित हुआ है।

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि भाजपा सरकार ने उत्तराखंड की अस्मिता, संसाधनों और नौजवानों के भविष्य के साथ विश्वासघात किया है। कांग्रेस अब चुप नहीं बैठेगी और आगामी तीन महीनों तक भाजपा सरकार की हर नाकामी को जनता के सामने उजागर किया जाएगा। उन्होंने प्रदेश नेतृत्व के संघर्ष और अंकिता भंडारी हत्याकांड को प्रभावी ढंग से उठाने के लिए नेतृत्व की सराहना भी की।
चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने बताया कि जन-जागरण अभियान की कड़ी में 16 फरवरी को प्रदेशभर के ज्वलंत मुद्दों को लेकर राजभवन का घेराव किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेसजन और आम नागरिक भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि यह केवल बयानबाज़ी नहीं, बल्कि जनता के अधिकारों की निर्णायक लड़ाई है।

चुनाव प्रबंध समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत ने कहा कि संगठन पूरी तरह एकजुट है और यह आंदोलन गांव-गांव और शहर-शहर तक योजनाबद्ध तरीके से पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि 16 फरवरी का राजभवन घेराव सरकार की नाकामी और अहंकार के खिलाफ जनता का सशक्त संदेश होगा।

सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा एवं मनोज यादव ने स्पष्ट किया कि भाजपा सरकार के जनविरोधी शासन के खिलाफ संघर्ष और तेज़ किया जाएगा। उन्होंने जानकारी दी कि 16 फरवरी को होने वाले राजभवन घेराव कार्यक्रम के संयोजक चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह होंगे।

देवभूमि खबर

Related articles