टूरिस्ट बनकर गांजा तस्करी करने वाले तीन शातिर गिरफ्तार, रानीखेत पुलिस व SOG की बड़ी कार्रवाई
अल्मोड़ा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा श्री देवेन्द्र पींचा के कुशल नेतृत्व में जनपद को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “ड्रग्स फ्री देवभूमि” मिशन के तहत नशा तस्करों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सघन चेकिंग कर अवैध रूप से गांजा, चरस व अन्य नशीले पदार्थों की तस्करी करने वालों पर कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक श्री हरबन्स सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी रानीखेत श्री विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रानीखेत श्री भुवन चन्द्र जोशी एवं प्रभारी एसओजी श्री सुनील धानिक के नेतृत्व में दिनांक 09.02.2026 को कोतवाली रानीखेत व एसओजी की संयुक्त टीम द्वारा अशोक द्वार के पास चेकिंग के दौरान रानीखेत से हल्द्वानी की ओर जा रही सफेद रंग की हुंडई ऑरा कार संख्या UP23 BT 0365 को रोका गया। वाहन में सवार तीन युवकों द्वारा स्वयं को टूरिस्ट बताते हुए ट्रॉली बैगों में लगेज होना बताया गया, लेकिन जांच करने पर बैगों में लगेज की जगह कुल 66.288 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
पुलिस जांच में सामने आया कि तीनों शातिर तस्कर सराईखेत क्षेत्र से गांजा लेकर ठाकुरद्वारा, मुरादाबाद की ओर जा रहे थे, जहां इसे ऊंचे दामों में बेचकर मुनाफा कमाने की फिराक में थे। तीनों अभियुक्तों को मौके से गिरफ्तार कर कोतवाली रानीखेत में मु0अ0स0-04/26 धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया तथा तस्करी में प्रयुक्त वाहन को सीज कर दिया गया है।
बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 16,57,200 रुपये आंकी गई है। पुलिस टीम द्वारा गांजा क्रय-विक्रय के स्रोतों के संबंध में गहन जांच की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में विकाश (25 वर्ष) पुत्र अजय सिंह निवासी काशीपुर, अनमोल सिंह (25 वर्ष) पुत्र बरीयाम सिंह निवासी रामनगर रोड रम्पूरा काशीपुर तथा जसपाल सिंह (23 वर्ष) पुत्र विक्रम सिंह निवासी ग्राम प्रतापपुर नंबर 7 थाना नानकमत्ता जनपद ऊधम सिंह नगर शामिल हैं।
पुलिस टीम में उप निरीक्षक बृजमोहन भट्ट, हेड कांस्टेबल अवधेश कुमार (SOG), कांस्टेबल कमल गोस्वामी, कांस्टेबल देवेन्द्र सिंह एवं होमगार्ड मनोज सिंह करायत की सराहनीय भूमिका रही।

