पिथौरागढ़ में परसीमन क्रांति की शुरुआत, जिलाधिकारी ने किया मातृवृक्ष रोपण
पिथौरागढ़।जनपद पिथौरागढ़ में उद्यान विभाग द्वारा परसीमन (Persimmon) फल उत्पादन को बढ़ावा देने, कृषकों को उच्च गुणवत्तायुक्त पौध उपलब्ध कराने तथा उनकी आय में वृद्धि सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विशेष पहल की गई है। इसी क्रम में वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत बागवानी मिशन योजना के तहत राजकीय पौधालय भटयूड़ा में 0.20 हेक्टेयर क्षेत्रफल में परसीमन मातृवृक्षों का रोपण प्रारंभ किया गया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग करते हुए परसीमन पौधरोपण कर इस मिशन का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि भटयूड़ा पौधालय में परसीमन की उच्च गुणवत्ता वाली उन्नत किस्मों के मातृवृक्षों का रोपण किया जा रहा है। यह लगभग दस नाली क्षेत्र में विकसित की जा रही विशेष किस्म है, जो बेहतर उत्पादन और गुणवत्ता के लिए जानी जाती है।
जिलाधिकारी ने बताया कि मातृ फार्म में किए गए इस प्लांटेशन का उद्देश्य भविष्य में प्रमाणित एवं गुणवत्तायुक्त पौध सामग्री का स्थानीय स्तर पर उत्पादन कर कृषकों तक उपलब्ध कराना है, जिससे बागवानी क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि आगामी चरण में जनपद की अन्य ग्राम पंचायतों में भी कृषकों के सहयोग से परसीमन का रोपण कराया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक काश्तकार इस फल उत्पादन से जुड़ सकें।
उन्होंने यह भी कहा कि परसीमन फल कम जल्दी खराब होने वाला (नॉन-पेरिशेबल) है, जिसके कारण बाजार में इसका अच्छा मूल्य प्राप्त होता है। उत्कृष्ट गुणवत्ता और बढ़ती मांग को देखते हुए यह किसानों के लिए एक लाभकारी एवं व्यावसायिक विकल्प बन सकता है। यह पहल कृषकों की आय बढ़ाने तथा बागवानी आधारित आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्य उद्यान अधिकारी अभिनव कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि राजकीय पौधालय भटयूड़ा में परसीमन की ‘FIYU’ प्रजाति का मातृ ब्लॉक स्थापित किया जा रहा है। यह फल एंटी-कैंसर गुणों के कारण बाजार में उच्च मूल्य पर बिक रहा है। बढ़ती मांग को देखते हुए हॉर्टिकल्चर मिशन योजना के अंतर्गत पहली बार उत्तराखंड के किसी सरकारी पौधालय में इसका बगीचा विकसित किया जा रहा है। जहां बाजार में इस पौधे की कीमत अधिक है, वहीं उद्यान विभाग द्वारा इसे मात्र 100 रुपये में किसानों को उपलब्ध कराया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्य कृषि अधिकारी अमरेंद्र चौधरी, मुख्य उद्यान अधिकारी अभिनव कुमार सहित उद्यान विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी पौधरोपण में सहभागिता की।

