दून पुलिस की गिरफ्त में 25 हजार का इनामी भू-माफिया, करोड़ों की जमीन धोखाधड़ी का मास्टरमाइंड गिरफ्तार

दून पुलिस की गिरफ्त में 25 हजार का इनामी भू-माफिया, करोड़ों की जमीन धोखाधड़ी का मास्टरमाइंड गिरफ्तार
Spread the love

देहरादून। दून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी और कुख्यात भू-माफिया विशाल कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर वृद्ध एनआरआई महिला की जमीन की फर्जी रजिस्ट्री कराने और राजपुर रोड स्थित एक बड़ी भूमि का सौदा कराने के नाम पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप हैं।

पुलिस के अनुसार वर्ष 2025 में लक्ष्मण चौक निवासी कमल जिंदल ने थाना राजपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि विशाल कुमार और उसके साथियों ने राजपुर रोड पर एक संपत्ति बेचने का झांसा देकर उनसे विभिन्न माध्यमों से 6 करोड़ 75 लाख रुपये ले लिए, लेकिन न तो धनराशि लौटाई गई और न ही संपत्ति की रजिस्ट्री कराई गई। मामले में थाना राजपुर में धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी विशाल कुमार के खिलाफ उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में गैंगस्टर एक्ट, धोखाधड़ी, फर्जीवाड़ा, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं के करीब दो दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था, जिसके चलते उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट भी जारी किया गया था।

लगातार निगरानी, मुखबिर तंत्र और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से पुलिस ने आरोपी को आईटी पार्क क्षेत्र स्थित तपोवन रोड के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक अवैध 32 बोर पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपी द्वारा इस्तेमाल की जा रही क्रेटा कार को भी सीज कर दिया है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी अलग से मुकदमा दर्ज किया है। विशाल कुमार पूर्व में कई बार जेल जा चुका है और उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर, शामली, गाजियाबाद सहित देहरादून में गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।

गिरफ्तार आरोपी विशाल कुमार (46 वर्ष) मुजफ्फरनगर जनपद के कूकड़ा क्षेत्र का निवासी है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर उसके अन्य सहयोगियों और भूमि संबंधी धोखाधड़ी के मामलों की जानकारी जुटा रही है।

इस कार्रवाई को थाना राजपुर के थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक पी.डी. भट्ट के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने अंजाम दिया, जिसमें उपनिरीक्षक प्रवीण सैनी, कांस्टेबल अमित और कांस्टेबल मोहित शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles