देहरादून के डालनवाला में युवक की गोली मारकर हत्या, आईजी गढ़वाल ने किया घटनास्थल निरीक्षण

देहरादून के डालनवाला में युवक की गोली मारकर हत्या, आईजी गढ़वाल ने किया घटनास्थल निरीक्षण
Spread the love

देहरादून।जनपद देहरादून के थाना डालनवाला क्षेत्र अंतर्गत सिल्वर सिटी में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महानिरीक्षक, गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरूप मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का विस्तृत निरीक्षण कर अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए।


पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान विक्रम शर्मा पुत्र अमृत लाल निवासी थाना एमजीएम, जिला पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर, झारखंड के रूप में हुई है। वह वर्तमान में अमन विहार, सहस्त्रधारा रोड, देहरादून में रह रहा था।
प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि मृतक का आपराधिक इतिहास रहा है, जिसमें हत्या से संबंधित मामले भी शामिल बताए जा रहे हैं, जो जमशेदपुर (झारखंड) से संबंधित हैं। कुछ अन्य गैंगस्टरों के साथ उसके गठजोड़ की बात भी प्रथम दृष्टया प्रकाश में आई है। पुलिस द्वारा इस संबंध में विस्तृत जांच की जा रही है।

घटना के अनावरण हेतु उठाए गए कदम:
मृतक की पृष्ठभूमि के आधार पर विभिन्न तथ्यों को एकत्रित किया जा रहा है। परिजनों से पूछताछ कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

घटना के खुलासे के लिए कई टीमें गठित की गई हैं, जिन्हें प्रदेश के साथ-साथ अन्य राज्यों में भी साक्ष्य संकलन हेतु रवाना किया गया है। टीमें सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं और संदिग्धों की तलाश में जुटी हैं।

अपराध नियंत्रण के लिए गढ़वाल परिक्षेत्र के सभी थाना क्षेत्रों में सीओ के नेतृत्व में आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। जनपद प्रभारी एवं संबंधित पुलिस अधीक्षक भी क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर चेकिंग को प्रभावी बना रहे हैं, जिसकी मॉनिटरिंग स्वयं आईजी गढ़वाल द्वारा की जाएगी।

प्रॉपर्टी डीलिंग, भवन निर्माण एवं खनन कार्यों से जुड़े व्यक्तियों के सत्यापन हेतु 14 फरवरी 2026 से 15 दिवसीय विशेष अभियान चलाया जाएगा।

आईजी गढ़वाल ने स्पष्ट किया कि घटना का शीघ्र अनावरण कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

देवभूमि खबर

Related articles