
नैनीताल।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देशन में नैनीताल पुलिस द्वारा उजाला सिग्नस सेंट्रल हॉस्पिटल के सहयोग से पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों हेतु “जीवन रक्षक–First Responder Training Program” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस कर्मियों को आपात स्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी प्राथमिक उपचार देने के लिए प्रशिक्षित करना रहा।
ट्रेनिंग के दौरान पुलिस कार्मिकों को सड़क दुर्घटना में रेस्क्यू के समय पुनर्वास (Rehabilitation) संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। इसके साथ ही सभी प्रतिभागियों को फर्स्ट एड की मूलभूत जानकारी प्रदान की गई तथा हार्ट संबंधी आपात स्थिति में सीपीआर (CPR) देने की विस्तृत प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यक्रम के उपरांत स्वास्थ्य परीक्षण शिविर भी आयोजित किया गया, जिसमें पुलिस कर्मियों एवं उनके परिजनों का ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर (BP) एवं नेत्र परीक्षण किया गया। उजाला सिग्नस के चिकित्सकों ने उपस्थित पुलिस कर्मियों को वर्तमान समय में बढ़ रही स्वास्थ्य समस्याओं, उनके कारणों एवं बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। शिविर के माध्यम से लगभग 111 पुलिस कर्मी एवं उनके परिजन लाभान्वित हुए।
इस अवसर पर डॉ. जगदीश चंद्र (एसपी नैनीताल) एवं श्री आर.डी. मठपाल (एसपी संचार) ने पुलिस कर्मियों को प्रशिक्षण में सीखी गई जीवन रक्षक तकनीकों को अपने परिजनों और मित्रों तक भी पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।
शिविर में सीओ नैनीताल रविकांत सेमवाल, निरीक्षक रमेश सिंह नेगी, डॉ. सन्नी बावा (मेडिकल सुपरिटेंडेंट, उजाला सिग्नस), डॉ. प्रदीप, कीर्ति सिंह कड़ाकोटी (मार्केटिंग हेड), प्रदीप जीना, पुष्कर जोशी सहित थाना तल्लीताल, मल्लीताल, पुलिस लाइन नैनीताल एवं फायर स्टेशन मल्लीताल के पुलिस कर्मियों ने सक्रिय सहभागिता की।

