एंटी नारकोटिक्सी टास्क फोर्स की बड़ी कार्रवाई, 1.2 किलो चरस के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
देहरादून/टिहरी । ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत Anti Narcotics Task Force Uttarakhand (एएनटीएफ) ने थाना मुनी की रेती, जनपद टिहरी गढ़वाल पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाते हुए 1 किलो 200 ग्राम अवैध चरस (व्यावसायिक मात्रा) के साथ दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस उपाधीक्षक परवेज अली के पर्यवेक्षण में एएनटीएफ टीम ने 16 फरवरी 2026 को संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए मुनी की रेती क्षेत्र से किशन नौटियाल (28 वर्ष) निवासी स्वर्गाश्रम जौंक गांव, थाना लक्ष्मण झूला, जनपद पौड़ी गढ़वाल तथा विमल भट्ट (21 वर्ष) को स्कूटी से अवैध चरस की तस्करी करते हुए गिरफ्तार किया।
पुलिस पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे उक्त चरस कपकोट (बागेश्वर) निवासी एक युवती से लेकर आते थे और पर्यटकों को ऊंचे दामों पर बेचते थे। अधिक धन कमाने के लालच में वे इस अवैध कारोबार में संलिप्त थे। पुलिस ने उनके कब्जे से 1 किलो 200 ग्राम चरस बरामद की है, जो व्यावसायिक मात्रा की श्रेणी में आती है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ श्री अजय सिंह ने आम जनता से अपील की है कि नशे से दूर रहें और किसी भी प्रकार के लालच में आकर नशा तस्करी में शामिल न हों। उन्होंने कहा कि नशा तस्करों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। किसी भी प्रकार की सूचना मिलने पर नागरिक निकटतम पुलिस स्टेशन या एसटीएफ/एएनटीएफ उत्तराखंड से संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए 0135-2656202 एवं 9412029536 नंबर जारी किए गए हैं।
एएनटीएफ/एसटीएफ टीम में एसआई दीपक मैठाणी, एएसआई योगेन्द्र सिंह, एएसआई मनोज बेनीवाल, कांस्टेबल रवि पंत एवं कांस्टेबल मोहन असवाल शामिल रहे। उत्तराखंड एसटीएफ ने स्पष्ट किया है कि ड्रग्स-फ्री देवभूमि अभियान के तहत प्रदेश में नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

