माननीय न्यायालयों की सुरक्षा को लेकर प्रदेशभर में वृहद चेकिंग अभियान, अधिकारियों ने किया स्थलीय निरीक्षण

माननीय न्यायालयों की सुरक्षा को लेकर प्रदेशभर में वृहद चेकिंग अभियान, अधिकारियों ने किया स्थलीय निरीक्षण
Spread the love

देहरादून। पुलिस मुख्यालय, उत्तराखण्ड के निर्देशानुसार माननीय न्यायालयों की सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में जारी दिशा-निर्देशों के अनुपालन में आज प्रदेश के समस्त जनपदों में न्यायालय परिसरों में वृहद एवं सघन चेकिंग अभियान संचालित किया गया।

इस अभियान के अंतर्गत जनपद प्रभारियों द्वारा न्यायालय परिसरों में बहु-स्तरीय सुरक्षा प्रबंधों की भौतिक समीक्षा की गई। प्रवेश द्वारों की सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी तंत्र की कार्यप्रणाली तथा तैनात सुरक्षा बलों की सतर्कता का परीक्षण किया गया। साथ ही परिसर में आने-जाने वाले व्यक्तियों की सघन जांच की गई और संदिग्ध व्यक्तियों एवं वस्तुओं पर विशेष निगरानी रखी गई।

वरिष्ठ अधिकारियों एवं जनपद प्रभारियों ने स्वयं स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का आकलन किया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। आकस्मिक परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने हेतु प्रतिक्रिया तंत्र की भी समीक्षा की गई, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

पुलिस मुख्यालय द्वारा स्पष्ट किया गया है कि न्यायालय परिसरों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा प्रदेशभर में इस प्रकार के निरीक्षण एवं चेकिंग अभियान भविष्य में भी नियमित रूप से जारी रहेंगे, जिससे न्यायिक संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।

देवभूमि खबर

Related articles