कोटद्वार के दीपक कुमार ने नई दिल्ली में राहुल गांधी से की मुलाकात, मानवीय कार्यों की सराहना
देहरादून।अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के संचार विभाग के सचिव वैभव वालिया के नेतृत्व में कोटद्वार निवासी दीपक कुमार ने नेता विपक्ष राहुल गांधी से नई दिल्ली स्थित उनके आवास पर शिष्टाचार भेंट की।
इस अवसर पर वैभव वालिया ने कहा कि भारतीय राजनीति में संवेदनशीलता और मानवीय मूल्यों का एक प्रेरणादायक दृश्य उस समय देखने को मिला, जब वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कोटद्वार (उत्तराखंड) के दीपक कुमार को अपने आवास पर आमंत्रित कर आत्मीय मुलाकात की।
दीपक कुमार, जो अपने मानवीय कार्यों और इंसानियत की मिसाल के रूप में पहचान बना चुके हैं, से राहुल गांधी ने स्नेहपूर्ण संवाद किया तथा उनके प्रयासों की सराहना करते हुए उत्साहवर्धन किया। यह मुलाकात केवल एक व्यक्ति का सम्मान नहीं, बल्कि समाज में मानवता, करुणा और सेवा भाव की भावना को सम्मान देने का प्रतीक भी मानी जा रही है।
इस दौरान विजय रावत से भी राहुल गांधी ने भेंट की। कार्यक्रम में अमित राज, संजय मित्तल, नीरज बहुगुणा और वसीम अहमद भी उपस्थित रहे।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि दीपक कुमार जैसे प्रेरणास्रोत व्यक्तित्व को सम्मानित कर राहुल गांधी ने यह संदेश दिया है कि कांग्रेस पार्टी सदैव उन लोगों के साथ खड़ी है, जो समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य कर रहे हैं।
अंत में राहुल गांधी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उत्तराखंड और विशेषकर कोटद्वार के गौरव को सम्मान देने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

