निदेशक प्रारम्भिक शिक्षा कार्यालय में हंगामा, तोड़फोड़ व मारपीट प्रकरण: हिस्ट्रीशीटर समेत 4 गिरफ्तार
देहरादून के रायपुर क्षेत्र अंतर्गत ननूरखेड़ा स्थित प्रारम्भिक शिक्षा निदेशालय उत्तराखण्ड के निदेशक कार्यालय में सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट और तोड़फोड़ की घटना में दून पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक हिस्ट्रीशीटर सहित चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
दिनांक 21-02-26 को निदेशक कार्यालय में एक प्रकरण के संबंध में रायपुर विधायक उमेश शर्मा काउ अपने समर्थकों के साथ वार्ता के लिए पहुंचे थे। वार्ता के दौरान विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिसके बाद कुछ व्यक्तियों ने कार्यालय में अराजकता फैलाते हुए कुर्सियों व अन्य सामान को इधर-उधर फेंककर तोड़फोड़ की। इस दौरान कार्यालय में मौजूद कुछ लोगों को चोटें भी आईं।
घटना के संबंध में निदेशक प्रारम्भिक शिक्षा उत्तराखण्ड श्री अजय कुमार नौडियाल द्वारा थाना रायपुर में दी गई तहरीर एवं संलग्न मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मु0अ0सं0-80/26 धारा 121(1), 191(2), 324(3), 351(3), 352 बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। वहीं विधायक की सुरक्षा में तैनात कांस्टेबल सुशील रमोला की तहरीर पर मु0अ0सं0-81/26 धारा 115(2), 127(2), 131 व 352 बीएनएस के तहत एक अन्य अभियोग दर्ज किया गया।
पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, उपलब्ध साक्ष्य एवं वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की। गिरफ्तार अभियुक्तों में अरविन्द पुण्डीर उर्फ कल्ली (हिस्ट्रीशीटर), लक्ष्मण नवानी, राकेश थपलियाल एवं अक्षय राणा शामिल हैं।
सभी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस द्वारा मामले की विस्तृत जांच जारी है।

