सरकारी कार्यालयों में कार्मिकों की सुरक्षा हेतु SOP बनेगी; मुख्यमंत्री  धामी के निर्देश

सरकारी कार्यालयों में कार्मिकों की सुरक्षा हेतु SOP बनेगी; मुख्यमंत्री  धामी के निर्देश
Spread the love

देहरादून। पुष्कर सिंह धामी ने सरकारी कार्यालयों और कार्यस्थलों पर अधिकारी-कर्मचारियों तथा शिक्षकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मुख्य सचिव को मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) तैयार करने के निर्देश दिए हैं।

उत्तराखण्ड अधिकारी कर्मचारी शिक्षक मोर्चा के पदाधिकारियों ने आज मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री से भेंट कर 21 फरवरी को प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में हुई घटना सहित हाल के दिनों में विभिन्न स्थानों पर सरकारी कार्मिकों के साथ हुई घटनाओं का उल्लेख किया। पदाधिकारियों ने ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की। मुख्यमंत्री ने उनकी बातों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि सरकार कार्मिकों के मान-सम्मान और सुरक्षा को लेकर सदैव संवेदनशील और प्रतिबद्ध रही है।

मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को फोन पर निर्देशित किया कि अधिकारी, कर्मचारियों और शिक्षकों की सुरक्षा के लिए विस्तृत SOP तैयार की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। साथ ही उन्होंने डीजीपी को निर्देश दिए कि सभी सरकारी कार्यालयों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं और किसी भी प्रकार की अभद्रता या हिंसक घटना पर त्वरित कानूनी कार्रवाई की जाए।

मुख्यमंत्री ने देहरादून पुलिस के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) को भी शिक्षा निदेशालय में हुई घटना में शामिल दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

इस अवसर पर उत्तराखण्ड राज्य औषधीय पादप बोर्ड के उपाध्यक्ष श्री प्रताप सिंह पंवार, उत्तराखण्ड अधिकारी कर्मचारी शिक्षक मोर्चा के अध्यक्ष श्री राम सिंह चौहान, महामंत्री श्री मुकेश बहुगुणा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles