पौड़ी।आगामी श्रावण मास में आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी श्री सर्वेश पंवार द्वारा कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, पैदल मार्गों की निगरानी तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए प्रभावी व्यवस्थाएं समय से पूर्व सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में आज अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर और प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मणझूला ने संयुक्त रूप से लक्ष्मणझूला से नीलकंठ महादेव मंदिर तक लगभग 14 किलोमीटर लंबे पैदल मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कांवड़ यात्रा के समय संभावित श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया गया।
यह मार्ग कांवड़ यात्रा के दौरान अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है, क्योंकि बड़ी संख्या में श्रद्धालु इसी पैदल मार्ग से यात्रा कर नीलकंठ महादेव मंदिर के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। इसे देखते हुए सुरक्षा प्रबंधों को और अधिक मजबूत और व्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने मार्ग में स्थित संवेदनशील स्थानों, संकरे रास्तों, विश्राम स्थलों तथा संभावित भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का विशेष रूप से निरीक्षण किया। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मणझूला और चौकी प्रभारी नीलकंठ को संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
अपर पुलिस अधीक्षक ने निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं और सुरक्षा तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा का अनुभव मिल सके।
