महिला आयोग आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत रुद्रपुर में महिला जनसुनवाई, 13 शिकायतों पर सुनवाई, कई मामलों का मौके पर निस्तारण

महिला आयोग आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत रुद्रपुर में महिला जनसुनवाई, 13 शिकायतों पर सुनवाई, कई मामलों का मौके पर निस्तारण
Spread the love

रुद्रपुर। राष्ट्रीय महिला आयोग  के अभियान ‘महिला आयोग आपके द्वार’ के अंतर्गत अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उत्तराखंड राज्य महिला आयोग द्वारा 9 से 13 मार्च तक राज्य के विभिन्न जनपदों में महिला जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में शुक्रवार को जनपद उधम सिंह नगर के जिला सभागार रुद्रपुर में महिला जनसुनवाई कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने की, जबकि आयोग की सदस्य कंचन कश्यप भी इस अवसर पर मौजूद रहीं। जनसुनवाई के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आई महिलाओं ने पारिवारिक विवाद, घरेलू हिंसा तथा सामाजिक योजनाओं से जुड़ी समस्याएं आयोग के समक्ष रखीं। इस पर अध्यक्ष ने मौके पर उपस्थित विभागीय अधिकारियों को शिकायतों पर त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ ही सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल ने कहा कि आयोग का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों की महिलाओं तक पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुनना, उन्हें न्याय दिलाना और आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने कहा कि ‘महिला आयोग आपके द्वार’ पहल इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार महिलाओं की समस्याओं के प्रति संवेदनशील है और महिला सशक्तिकरण के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि महिला आयोग के निर्देशों को गंभीरता से लिया जाए और कोई भी महिला अपनी समस्या लेकर आए तो उसे निराश होकर वापस न जाना पड़े।

जनसुनवाई के दौरान 13 महिलाओं ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं, जिनमें से कई मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि गंभीर मामलों को आगे की कार्रवाई के लिए आयोग मुख्यालय देहरादून भेजा गया। कुछ मामलों में पीड़ित महिलाओं को वन स्टॉप सेंटर में काउंसलिंग कराने तथा पुलिस क्षेत्राधिकारी को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साथ ही दो पीड़िताओं को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निशुल्क अधिवक्ता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।

इस अवसर पर सदस्य राज्य महिला आयोग कंचन कश्यप, महापौर रुद्रपुर विकास शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी, जिला कार्यक्रम अधिकारी बाल विकास मुकुल चौधरी, प्रोबेशन अधिकारी व्योमा जैन, पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रशांत कुमार, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एस.पी. सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

देवभूमि खबर

Related articles