पिथौरागढ़ में निर्माण कार्यों का डीएम ने किया निरीक्षण, धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी

पिथौरागढ़ में निर्माण कार्यों का डीएम ने किया निरीक्षण, धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी
Spread the love

पिथौरागढ़। जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने नगर निगम द्वारा कराए जा रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चंडाक रोड स्थित निर्माणाधीन स्विमिंग पूल, ल्यूंठूड़ा मैदान, नेड़ा बास्ते में प्रस्तावित रजत जयंती पार्क तथा तिलढुकरी में प्रस्तावित ईवी चार्जिंग स्टेशन का जायजा लिया।

स्विमिंग पूल स्थल पर जिलाधिकारी ने चेंजिंग रूम, शौचालय, पार्किंग और मजबूत फेंसिंग की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अधूरे कार्य किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
ल्यूंठूड़ा मैदान में कार्यों की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने निर्देश दिए कि लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कर मैदान को आमजन के उपयोग हेतु उपलब्ध कराया जाए।

निरीक्षण के दौरान नेड़ा बास्ते में प्रस्तावित रजत जयंती पार्क एवं पार्किंग स्थल का भी अवलोकन किया गया। जिलाधिकारी ने जनहित से जुड़े इस प्रोजेक्ट को तय समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश देते हुए गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा।

इस अवसर पर नगर महापौर कल्पना देवलाल ने बताया कि रजत जयंती पार्क मुख्यमंत्री  की प्रमुख विकास परियोजनाओं में शामिल है, जो निर्माण पूर्ण होने के बाद कुमाऊं क्षेत्र का सबसे बड़ा पार्क होगा। करीब 952 लाख रुपये की लागत से बनने वाले इस पार्क में पार्किंग, ओपन थियेटर, साइनेज और गजिबो जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

जिलाधिकारी ने तिलढुकरी में प्रस्तावित ईवी चार्जिंग स्टेशन का निरीक्षण करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण और इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय नागरिकों को सुविधा मिलने के साथ ही क्षेत्र में प्रदूषण कम करने में भी मदद मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं पार्षदगण उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles