देहरादून में 23 मार्च को “चार साल बेमिसाल” का मुख्य समारोह, मुख्यमंत्री धामी करेंगे संबोधन
देहरादून।उत्तराखंड सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 23 से 25 मार्च तक पूरे प्रदेश में “जन-जन की सरकार, चार साल बेमिसाल” थीम के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्य समारोह 23 मार्च को राजधानी देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित होगा, जिसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपराह्न 12:30 बजे जनता को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम का प्रदेश के सभी जनपदों में सजीव प्रसारण भी किया जाएगा।
मुख्य कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पाण्डेय, जिलाधिकारी सविन बंसल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल ने परेड ग्राउंड का निरीक्षण किया। इस दौरान नोडल अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए समयबद्ध और सुव्यवस्थित तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान मंच, बैठने की व्यवस्था, बैरिकेडिंग, प्रकाश, एलईडी स्क्रीन, साउंड सिस्टम, यातायात औरपार्किंग व्यवस्थाओं का विस्तृत अवलोकन किया गया। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि कार्यक्रम मिनट-टू-मिनट प्लान के अनुसार संचालित हो और किसी भी स्थिति में बैकअप व्यवस्था अनिवार्य रूप से उपलब्ध रहे।
प्रशासन ने कार्यक्रम स्थल पर स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण, दिव्यांग प्रमाण पत्र वितरण, सहायक उपकरण उपलब्ध कराने सहित अन्य जनसेवाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं। इसके अलावा प्रतिभागियों के लिए स्वच्छ पेयजल और जलपान की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है।
प्रशासन द्वारा कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं और किसी भी प्रकार की चूक न हो, इसके लिए अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री वर्चुअल माध्यम से विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे। साथ ही चार वर्षों में हुए विकास कार्यों और राज्य को अग्रणी बनाने के प्रयासों की झलक प्रस्तुत की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान राज्य आपदा प्रबंधन उपाध्यक्ष विनय रोहिला, पूर्व अध्यक्ष अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग अशोक वर्मा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी (वि.रा) केके मिश्रा, संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद, सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह, सहायक निदेशक सूचना बद्री चंद नेगी सहित विभिन्न विभागों के नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।

