कैची धाम में खड़ी कार में लगी आग, पर्यटक की नई गाड़ी जलकर खाक, जनहानि टली
रिपोर्ट: ललित जोशी।
नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल से लगभग 15 किलोमीटर दूर स्थित कैची धाम क्षेत्र में एक पर्यटक की खड़ी कार में अचानक आग लगने का मामला सामने आया है। घटना में वाहन पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया, हालांकि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिल्ली के पश्चिम विहार निवासी अजय कुमार अपने परिवार के साथ पहली बार बाबा नीम करौली महाराज के दर्शन के लिए कैची धाम पहुंचे थे। उन्होंने अपनी कार को सेंटोरियम मार्ग पर खड़ा किया था, तभी अचानक वाहन में आग लग गई।
बताया जा रहा है कि घटना के समय वाहन के अंदर कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। आग लगने की सूचना मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची अग्निशमन टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह जल चुका था। जानकारी के अनुसार, संबंधित पर्यटक ने यह कार लगभग छह माह पूर्व ही खरीदी थी।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

