रुद्रप्रयाग में गर्भवती महिलाओं के लिए निःशुल्क हेली सेवा शुरू, दुर्गम क्षेत्रों को बड़ी राहत

रुद्रप्रयाग में गर्भवती महिलाओं के लिए निःशुल्क हेली सेवा शुरू, दुर्गम क्षेत्रों को बड़ी राहत
Spread the love

रुद्रप्रयाग। जनपद के दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्रों में निवासरत गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित प्रसव सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निःशुल्क हेलीकॉप्टर सेवा का शुभारंभ किया गया है। यह सेवा चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग तथा नागरिक उड्डयन विभाग, उत्तराखंड के संयुक्त सहयोग से संचालित की जा रही है।

इसी क्रम में इस सेवा का लाभ देते हुए जनपद रुद्रप्रयाग की निवासी उदीना पत्नी महेश को हेलीकॉप्टर के माध्यम से वन चेतना पार्क, जखोली से जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग पहुंचाया गया, ताकि उनका प्रसव सुरक्षित एवं विशेषज्ञ चिकित्सकीय निगरानी में कराया जा सके।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि “‘अब दूरी नहीं बनेगी बाधा, सुरक्षित मातृत्व हमारा वादा’” अभियान के तहत यूकाडा, जिला स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन के समन्वय से इस सेवा का सफल संचालन किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि यह हेलीकॉप्टर सेवा विशेष रूप से उन क्षेत्रों के लिए लाभकारी साबित होगी, जहां सड़क संपर्क सीमित है या आपात स्थिति में त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना चुनौतीपूर्ण होता है।

जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि आवश्यकता पड़ने पर इस सेवा का लाभ उठाएं और समय पर स्वास्थ्य संस्थानों से संपर्क करें। यह पहल मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने और सुरक्षित मातृत्व सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

देवभूमि खबर

Related articles