निर्माण श्रमिकों के लिए बड़ी पहल, BOCW बोर्ड और CSC के बीच MoU हस्ताक्षरित

निर्माण श्रमिकों के लिए बड़ी पहल, BOCW बोर्ड और CSC के बीच MoU हस्ताक्षरित
Spread the love

देहरादून। उत्तराखंड के निर्माण श्रमिकों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड (BOCW) और CSC e-Governance Services India Limited के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस पहल का उद्देश्य श्रमिकों के पंजीकरण और नवीनीकरण की प्रक्रिया को सरल, सुदृढ़ और पारदर्शी बनाना है।

यह समझौता सचिव यूकेबीओसीडब्ल्यू पी.सी. दुमका की उपस्थिति में संपन्न हुआ। समझौते पर डिप्टी लेबर कमिश्नर विपिन कुमार एवं सीएससी एसपीवी के स्टेट हेड अशवनी कुमार ने हस्ताक्षर किए।

इस पहल के तहत अब राज्य के निर्माण श्रमिक अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के माध्यम से आसानी से पंजीकरण और नवीनीकरण करा सकेंगे। इससे प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी और श्रमिकों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

सरकार का मानना है कि पंजीकरण प्रक्रिया सरल होने से अधिक से अधिक पात्र श्रमिक विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे प्राप्त कर सकेंगे। यह कदम श्रमिकों के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

कार्यक्रम में विभाग एवं CSC के कई अधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें सीनियर आईटी ऑफिसर दुर्गा, स्टेट मैनेजर संदीप कुमार शर्मा और यूआईडीएआई से जुड़े भूपेंद्र कुमार शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles