मुंबई से गिरफ्तार हुआ अंतरराज्यीय चोर, पौड़ी पुलिस की बड़ी कार्रवाई

मुंबई से गिरफ्तार हुआ अंतरराज्यीय चोर, पौड़ी पुलिस की बड़ी कार्रवाई
Spread the love

पौड़ी/श्रीनगर।पौड़ी पुलिस ने अंतरराज्यीय स्तर पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दुकान में सेंधमारी कर लाखों की चोरी करने वाले आरोपी को मुंबई से गिरफ्तार किया है। आरोपी घटना के बाद नेपाल और देश के विभिन्न शहरों में ठिकाने बदलकर फरार चल रहा था।

पुलिस के अनुसार, 31 दिसंबर 2024 को श्रीनगर निवासी गौरव सिलोडी ने कोतवाली श्रीनगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर ने उनकी दुकान का ताला तोड़कर लगभग 5 लाख रुपये नगद, 300 डॉलर और एक DSLR कैमरा चोरी कर लिया। इस मामले में कोतवाली श्रीनगर में धारा 305 और 331(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से मिली सफलता
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देश पर पुलिस टीम का गठन किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर और क्षेत्राधिकारी श्रीनगर अनुज कुमार के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कुलदीप सिंह के नेतृत्व में टीम ने जांच शुरू की।

पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर संदिग्धों की पहचान की। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान नीरक उर्फ नीर बहादूर शाही के रूप में की गई।
नेपाल से मुंबई तक बदलता रहा ठिकाना

जांच में सामने आया कि आरोपी घटना के बाद अपनी पहचान छिपाकर पहले नेपाल और बाद में मुंबई सहित विभिन्न स्थानों पर रह रहा था। पुलिस टीम ने ठोस साक्ष्यों के आधार पर मुंबई (महाराष्ट्र) में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी नीरक उर्फ नीर बहादूर शाही (38 वर्ष), निवासी जिला कैलाली (नेपाल) को न्यायालय में पेश कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक मुकेश भट्ट, उपनिरीक्षक सुरेश रतूड़ी, उपनिरीक्षक दीपक अरोड़ा (साइबर सेल कोटद्वार) और मुख्य आरक्षी मुकेश कुमार (साइबर सेल) की अहम भूमिका रही।

पौड़ी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और अंतरराज्यीय स्तर पर भी फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए अभियान तेज किया जाएगा।

देवभूमि खबर

Related articles