ऊधम सिंह नगर में हनी ट्रैप गैंग का पर्दाफाश, 2 आरोपी गिरफ्तार, फिरौती के 17,500 रुपये बरामद

ऊधम सिंह नगर में हनी ट्रैप गैंग का पर्दाफाश, 2 आरोपी गिरफ्तार, फिरौती के 17,500 रुपये बरामद
Spread the love

ऊधम सिंह नगर।जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में कोतवाली ट्रांजिट कैंप पुलिस ने हनी ट्रैप के जरिए ब्लैकमेलिंग करने वाले गैंग का भंडाफोड़ करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पीड़ित से वसूली गई 17,500 रुपये की धनराशि भी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार 30 मार्च 2026 को पीड़ित ने कोतवाली ट्रांजिट कैंप में तहरीर देकर बताया कि प्रिया, उसकी सहेली पिंकी उर्फ काजल और अन्य साथियों ने उसे योजनाबद्ध तरीके से बुलाया। इसके बाद उसके साथ मारपीट कर झूठे मुकदमे में फंसाने और जान से मारने की धमकी देकर पांच लाख रुपये की मांग की गई। आरोपियों ने उससे 14 हजार रुपये ऑनलाइन और 30 हजार रुपये नकद वसूले।

तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा संख्या 106/2026 के तहत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए उसी दिन कार्रवाई कर दो आरोपियों—मोतीराम (46 वर्ष) निवासी संभल और पिंकी उर्फ काजल (35 वर्ष) निवासी ट्रांजिट कैंप—को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अन्य आरोपियों के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी तलाश में पुलिस टीमों द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्ता पिंकी उर्फ काजल पूर्व में भी इसी प्रकार के एक अन्य मामले में वांछित रही है। मामले में आगे की जांच जारी है और पूरे गिरोह को पकड़ने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

देवभूमि खबर

Related articles