कोतवाली चमोली का वार्षिक निरीक्षण: एसपी ने व्यवस्थाओं को परखा, चारधाम यात्रा को लेकर दिए निर्देश

कोतवाली चमोली का वार्षिक निरीक्षण: एसपी ने व्यवस्थाओं को परखा, चारधाम यात्रा को लेकर दिए निर्देश
Spread the love

चमोली।जनपद चमोली में पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने 30 मार्च को कोतवाली चमोली का वार्षिक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्थाओं और कार्यकुशलता का आकलन किया। निरीक्षण के दौरान सलामी गार्द द्वारा उन्हें सम्मानपूर्वक सलामी दी गई, जिसे उन्होंने स्वीकार किया।

निरीक्षण के क्रम में एसपी ने कोतवाली परिसर, थाना कार्यालय, सीसीटीएनएस कक्ष, महिला हेल्प डेस्क, हवालात, भोजनालय और बैरकों का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने परिसर और बैरकों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने तथा बैरकों में क्षतिग्रस्त विद्युत लाइनों को शीघ्र दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। साथ ही सरकारी संपत्ति और शस्त्रों के रख-रखाव की स्थिति का निरीक्षण करते हुए कार्मिकों से शस्त्रों की हैंडलिंग कराई गई, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले हेड कांस्टेबल विद्या चरण को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की गई।

एसपी ने आपदा प्रबंधन उपकरणों का निरीक्षण करते हुए सभी पुलिस कर्मियों को इनके उपयोग में दक्ष होने के निर्देश दिए। मालखाने में रखे क्राइम किट के आधार पर डमी क्राइम सीन तैयार करने और फिंगरप्रिंट लेने की प्रक्रिया का अभ्यास कराने को कहा गया। सीसीटीएनएस कक्ष का निरीक्षण करते हुए पुराने माल को ‘सुरक्षित मालखाना मॉड्यूल’ में समय से अपलोड करने के निर्देश भी दिए गए।

महिला हेल्प डेस्क में तैनात कार्मिकों को आगंतुकों के साथ सौम्य व्यवहार करने और शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही एमवी एक्ट और आबकारी एक्ट के तहत जब्त माल के निस्तारण के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा गया।


निरीक्षण के बाद आयोजित सम्मेलन में एसपी ने कार्मिकों की समस्याएं सुनीं और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने आगामी चारधाम यात्रा-2026 को देखते हुए सभी पुलिस कर्मियों को सतर्क और पूरी तरह तैयार रहने को कहा। साथ ही होटल, धर्मशालाओं और अन्य प्रतिष्ठानों में बाहरी व्यक्तियों का अनिवार्य सत्यापन सुनिश्चित करने तथा पुलिस कर्मियों को स्वच्छ व सुसज्जित वर्दी धारण करने के निर्देश दिए।

अंत में एसपी ने लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए सभी मामलों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान प्रभारी निरीक्षक अनुरोध व्यास, वाचक नरेंद्र पुरी सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles