राजपुर हत्याकांड का खुलासा: बार विवाद से शुरू हुई रंजिश में फायरिंग, 4 आरोपी गिरफ्तार

राजपुर हत्याकांड का खुलासा: बार विवाद से शुरू हुई रंजिश में फायरिंग, 4 आरोपी गिरफ्तार
Spread the love

देहरादून।राजपुर क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक पर निकले बुजुर्ग की गोली लगने से हुई मौत के मामले का दून पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि यह घटना रोड रेज नहीं, बल्कि एक दिन पहले बार में हुए विवाद की रंजिश का परिणाम थी, जिसे आरोपियों द्वारा भ्रामक तरीके से प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया।

पुलिस के अनुसार 30 मार्च की सुबह जोहड़ी गांव के पास फायरिंग की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां 74 वर्षीय मुकेश कुमार जोशी को गोली लगी थी। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। प्रारंभिक जानकारी में वाहन पास देने को लेकर विवाद बताया गया था, लेकिन जांच में मामला अलग निकला।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि 29 मार्च की रात कुठालगेट स्थित एक बार में बिल कम कराने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। इस दौरान बार कर्मियों ने दूसरे पक्ष के स्कॉर्पियो वाहन का शीशा तोड़ दिया था। अगले दिन सुबह बार कर्मियों को फॉर्च्यूनर कार में जाता देख दूसरे पक्ष ने उनका पीछा किया और उन्हें रोकने के प्रयास में फायरिंग की। जवाबी फायरिंग में एक गोली राह चलते बुजुर्ग को लग गई, जिससे उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद दोनों पक्षों ने इसे रोड रेज दिखाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस की सघन जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सच्चाई सामने आ गई। पुलिस ने रोहित कुमार, मोहम्मद अखलाक, बार संचालक संदीप कुमार और आदित्य चौधरी को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो तमंचे, कारतूस और स्कॉर्पियो वाहन बरामद किया है। साथ ही जिस बार में विवाद हुआ था, उसे बंद कर सील कर दिया गया है और लाइसेंस निरस्तीकरण के लिए रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी गई है।

पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और प्रकरण में विधिक कार्रवाई जारी है।

देवभूमि खबर

Related articles