दून में पुलिस की सख्ती का असर: 14 पब-बार व होटलों ने सीसीटीवी एक्सेस किया साझा
देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा पब, बार और होटल प्रतिष्ठानों के लिए जारी निर्देशों का असर दिखने लगा है। पुलिस की पहल पर अब तक 14 प्रतिष्ठानों ने अपने सीसीटीवी कैमरों का एक्सेस पुलिस के साथ साझा कर दिया है।
कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी के उद्देश्य से एसएसपी द्वारा पब, बार एवं होटल संचालकों के साथ बैठक के बाद यह निर्देश जारी किए गए थे। इसके तहत प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों को पुलिस निगरानी तंत्र से जोड़ा जा रहा है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर घटनाओं की तत्काल समीक्षा और जांच की जा सके।
निर्देशों के अनुपालन में गठित विशेष टेक्निकल टीम द्वारा शहर के विभिन्न पब, बार और होटल संचालकों से समन्वय स्थापित किया जा रहा है। अब तक 14 प्रतिष्ठानों के सीसीटीवी सिस्टम का एक्सेस प्राप्त कर लिया गया है, जबकि शेष प्रतिष्ठानों से भी लगातार संपर्क किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस पहल से न केवल प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा। साथ ही किसी भी आपराधिक घटना की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित होगी।
पब, बार और होटल संचालकों ने भी पुलिस की इस मुहिम में सहयोग का आश्वासन दिया है। पुलिस द्वारा शेष प्रतिष्ठानों के सीसीटीवी एक्सेस प्राप्त करने की कार्रवाई जारी है।

