उत्तराखंड पुलिस को ‘राष्ट्रपति पुलिस कलर’, सीएम धामी ने बताया ऐतिहासिक उपलब्धि

उत्तराखंड पुलिस को ‘राष्ट्रपति पुलिस कलर’, सीएम धामी ने बताया ऐतिहासिक उपलब्धि
Spread the love

देहरादून। उत्तराखंड पुलिस को ‘राष्ट्रपति पुलिस कलर’ (President’s Police Colour) से सम्मानित किए जाने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसे राज्य के इतिहास का स्वर्णिम और गौरवपूर्ण क्षण बताया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सम्मान केवल एक उपलब्धि नहीं, बल्कि पुलिस बल की कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन, उत्कृष्ट सेवा और राष्ट्र के प्रति समर्पण की राष्ट्रीय पहचान है। उन्होंने पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ सहित सभी अधिकारियों और जवानों को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई दी।
सीएम धामी ने कहा कि यह सम्मान उत्तराखंड पुलिस को देश के चुनिंदा पुलिस बलों की श्रेणी में स्थापित करता है, जिन्हें उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सर्वोच्च राष्ट्रीय मान्यता प्राप्त हुई है। उन्होंने इसके लिए राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और गृहमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सम्मान एक कठोर और बहु-स्तरीय मूल्यांकन प्रक्रिया के बाद प्रदान किया जाता है, जिसमें कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, आंतरिक सुरक्षा, आपदा प्रबंधन और तकनीकी नवाचार जैसे सभी पहलुओं का आकलन किया जाता है।

उन्होंने कहा कि दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों और सीमित संसाधनों के बावजूद उत्तराखंड पुलिस ने उत्कृष्ट कार्य करते हुए जनता का विश्वास अर्जित किया है। वर्ष 2013 की केदारनाथ आपदा से लेकर महाकुंभ, चारधाम यात्रा और कांवड़ यात्रा जैसे बड़े आयोजनों में पुलिस की भूमिका सराहनीय रही है।

सीएम धामी ने कहा कि महिला सुरक्षा, साइबर अपराध नियंत्रण, पर्यटन सुरक्षा और सामुदायिक पुलिसिंग के क्षेत्र में भी उत्तराखंड पुलिस ने उल्लेखनीय कार्य किया है और स्मार्ट पुलिसिंग की दिशा में प्रभावी कदम उठाए हैं।


उन्होंने कहा कि राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष में यह सम्मान मिलना उत्तराखंड के लिए विशेष गौरव का विषय है और आने वाले समय में राज्य पुलिस वैश्विक स्तर पर स्मार्ट पुलिसिंग का मॉडल बनेगी।

पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने इस उपलब्धि को उत्तराखंड पुलिस के इतिहास का स्वर्णिम अध्याय बताते हुए कहा कि यह सम्मान हर पुलिसकर्मी के समर्पण, साहस और उनके परिवारों के सहयोग का परिणाम है।

देवभूमि खबर

Related articles