कुशल वित्तीय प्रबंधन से सहकारी बैंकों का प्रदर्शन मजबूत, 269.72 करोड़ लाभ, 39.88 करोड़ घटा एनपीए
देहरादून। प्रदेश के राज्य सहकारी एवं जिला सहकारी बैंकों ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए 269.72 करोड़ रुपये का लाभ अर्जित किया है। साथ ही कुशल वित्तीय प्रबंधन और सख्त वसूली नीति के चलते बैंकों का एनपीए 39.88 करोड़ रुपये घटकर 6 प्रतिशत से अधिक कम हुआ है।
सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि राज्य सरकार की पारदर्शी नीतियों और बेहतर वित्तीय प्रबंधन के कारण सहकारी बैंकों की स्थिति लगातार सुदृढ़ हो रही है। इस वर्ष प्रदेश के 10 जनपदों और राज्य सहकारी बैंक की कुल 290 शाखाएं लाभ की स्थिति में पहुंची हैं, जबकि पिछले वर्ष यह संख्या 280 थी।
उन्होंने बताया कि इस अवधि में बैंकों ने 150.82 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा अर्जित किया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 28.96 करोड़ रुपये अधिक है। सकल एनपीए में भी उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है, जो 690.11 करोड़ से घटकर 650.23 करोड़ रह गया है। वहीं, शुद्ध एनपीए 183.87 करोड़ से घटकर 173.65 करोड़ पर आ गया है।
मंत्री ने कहा कि बैंकिंग प्रणाली में पारदर्शिता, ऋण वितरण में सुधार और डिजिटल सेवाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया गया है, जिससे वित्तीय प्रदर्शन में सुधार हुआ है। उन्होंने इसे प्रदेश की अर्थव्यवस्था के लिए सकारात्मक संकेत बताया।

