आईजी गढ़वाल के सख्त निर्देश, लापरवाही पर कार्रवाई तय, कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश
देहरादून। पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल रेंज राजीव स्वरूप ने राजधानी में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए एसएसपी देहरादून सहित जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में आईजी ने स्पष्ट किया कि अपराध नियंत्रण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
आईजी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत निरोधात्मक कार्रवाई को और तेज किया जाए तथा शहर में पुलिस की सक्रिय उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन में सुरक्षा का विश्वास बना रहे और अपराधियों में भय उत्पन्न हो। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी सुबह-शाम के समय क्षेत्रों में गश्त कर आमजन और स्कूली बच्चों से संवाद स्थापित करें।
बैठक में संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की नियमित चेकिंग, सुनसान क्षेत्रों में चीता मोबाइल की तैनाती, सीसीटीवी नेटवर्क को मजबूत करने तथा व्यापक स्तर पर सत्यापन अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। आईजी ने यह भी कहा कि कोई भी क्षेत्र सत्यापन से वंचित नहीं रहना चाहिए।
इसके अलावा पेशेवर अपराधियों, भू-माफियाओं और अवैध कारोबार में लिप्त व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए अधिकारियों को स्वयं फील्ड में उतरकर निरीक्षण करने और बॉटलनेक प्वाइंट्स को खत्म करने को कहा गया।
सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाएं फैलाने वालों पर नजर रखने तथा साइबर सेल को और अधिक सशक्त बनाने पर भी जोर दिया गया। बैठक में एसएसपी देहरादून सहित जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारी एवं थाना प्रभारी उपस्थित रहे।

