आशा फैसिलेटर प्रतिनिधिमंडल ने स्वास्थ्य मंत्री से की भेंट, मानदेय वृद्धि समेत विभिन्न मांगें उठाईं

आशा फैसिलेटर प्रतिनिधिमंडल ने स्वास्थ्य मंत्री से की भेंट, मानदेय वृद्धि समेत विभिन्न मांगें उठाईं
Spread the love

देहरादून।विधानसभा में स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल से आशा फैसिलेटर के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट कर अपनी समस्याओं के निराकरण हेतु ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल ने अवगत कराया कि हाल ही में आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में वृद्धि की गई है, लेकिन आशा फैसिलेटरों को इससे वंचित रखा गया है, जबकि दोनों ही स्वास्थ्य सेवाओं में समान रूप से महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में कार्य करना चुनौतीपूर्ण है, जहां आवागमन की सीमित सुविधाओं के कारण उन्हें अतिरिक्त कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, जबकि मिलने वाला भत्ता अत्यंत कम है।

ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि जिन क्षेत्रों में एक आशा फैसिलेटर के अधीन 35 से 40 आशा कार्यकर्ता कार्यरत हैं, वहां कार्यभार कम करने के लिए 15 से 20 आशाओं पर एक नए फैसिलेटर की नियुक्ति की जाए। इसके अतिरिक्त, उन्हें दी जाने वाली वर्दी की गुणवत्ता सुधारने तथा गर्मी और सर्दी के लिए अलग-अलग वर्दी उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई गई।

बैठकों के लिए दिए जाने वाले मानदेय को 100 रुपये से बढ़ाकर 800 रुपये करने की भी मांग रखी गई।

प्रदेश महामंत्री रेनू नेगी ने बताया कि स्वास्थ्य मंत्री ने उनकी मांगों पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया है। इस दौरान टिहरी से जिला अध्यक्ष मुन्नी उनियाल और जिला महामंत्री किरण बिष्ट सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles