संविधान के मूल्यों को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में योगदान दें युवा : त्रिवेन्द्र सिंह रावत
देहरादून।नवंबर भारतीय संविधान केवल हमारे लोकतंत्र का आधार ही नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, सामाजिक न्याय और समानता का मार्गदर्शक भी है। संविधान में निहित आदर्शों को समझना, उनका सम्मान करना और अपने नागरिक कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करना प्रत्येक भारतीय का दायित्व है। इसी भावना के साथ आज दून विश्वविद्यालय में अम्बेडकर चेयर के तत्वावधान में भारतीय संविधान दिवस के अवसर पर गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद हरिद्वार एवं पूर्व मुख्यमंत्री उत्तराखंड श्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत तथा डॉ. करण कटारिया, ग्लोबल यूनिवर्सिटी, सोनीपत, हरियाणा उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल ने की।
इस अवसर पर श्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने अपने संबोधन में भारतीय संविधान की महत्ता, लोकतांत्रिक परंपराओं और राष्ट्र निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि हमारा संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूत नींव है। संविधान निर्माताओं ने न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के जिन आदर्शों को इसमें स्थान दिया, वे आज भी हमारे राष्ट्र की दिशा और दशा तय करने वाले मूल सिद्धांत हैं। इन मूल्यों को केवल पढ़ना या जानना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि उन्हें अपने आचरण और व्यवहार में उतारना भी आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि अधिकारों के साथ कर्तव्यों का बोध ही जिम्मेदार नागरिकता की पहचान है। विशेषकर युवाओं को संविधान के प्रति जागरूक रहते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता को मजबूत बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
डॉ. करण कटारिया ने भारतीय संविधान की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, निर्माण प्रक्रिया और वर्तमान समय में उसकी प्रासंगिकता पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने संविधान को देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था का मजबूत आधार बताते हुए इसके मूल आदर्शों को समझने और जीवन में अपनाने पर बल दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल ने कहा कि संविधान भारत की एकता, अखंडता, सामाजिक न्याय और समावेशी विकास का आधार है। विश्वविद्यालयों का दायित्व केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में संवैधानिक चेतना, लोकतांत्रिक समझ, सामाजिक संवेदनशीलता और जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करना भी है।
कार्यक्रम के दौरान भारतीय संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के आदर्शों पर विशेष चर्चा की गई। विद्यार्थियों के साथ प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें उन्होंने संविधान से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने प्रश्न रखे और वक्ताओं से संवाद किया।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के प्रो. आशीष कुमार, श्री दुर्गेश डिमरी (कुलसचिव), प्रो. चेतना पोखरियाल, डॉ. दीपक भट्ट, प्रो. रीना सिंह, प्रो. सुनीत नैथानी, डॉ. अचलेश दवेरेय एवं डॉ. अंकित नागर सहित विश्वविद्यालय के शिक्षकगण, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन प्रो. एच.सी. पुरोहित ने किया तथा प्रो. आशीष कुमार ने मुख्य अतिथियों एवं उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी लोगों ने भारतीय संविधान के मूल आदर्शों एवं लोकतांत्रिक मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करने तथा राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया।


