HTML tutorial
HTML tutorial

चकराता में लापरवाह शिक्षक निलंबित, वायरल वीडियो के बाद हुई कार्रवाई

चकराता में लापरवाह शिक्षक निलंबित, वायरल वीडियो के बाद हुई कार्रवाई
Spread the love

देहरादून।देहरादून जनपद के चकराता विकासखंड अंतर्गत राजकीय प्राथमिक विद्यालय डिरनाड़ में तैनात सहायक अध्यापक हरपाल सिंह को विभागीय लापरवाही के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और ग्रामीणों की शिकायतों के आधार पर की गई प्रारंभिक जांच के बाद हुई।
उप शिक्षा अधिकारी, चकराता द्वारा की गई जांच में प्रथम दृष्टया पाया गया कि संबंधित शिक्षक 6 और 7 अप्रैल 2026 को बिना किसी पूर्व अनुमति के विद्यालय से अनुपस्थित रहे। जांच में यह भी सामने आया कि शिक्षक द्वारा उपस्थिति पंजिका में पूर्व में हस्ताक्षर दर्ज कर अनुपस्थित रहने की अनियमितता की गई।

जांच रिपोर्ट के आधार पर जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक शिक्षा) ने हरपाल सिंह को निलंबित करते हुए उन्हें बीईओ कार्यालय चकराता से संबद्ध कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। साथ ही, खंड शिक्षा अधिकारी चकराता को मामले की विस्तृत जांच सौंपी गई है, जिसे 30 दिनों के भीतर पूर्ण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

मामले का संज्ञान लेते हुए राज्य के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने विभागीय अधिकारियों को तत्काल जांच के निर्देश दिए थे। जांच में ग्रामीणों की शिकायतें और वायरल वीडियो सही पाए गए। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग में अनुशासनहीनता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जो भी कर्मचारी अपने कर्तव्यों के प्रति लापरवाही बरतेगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

देवभूमि खबर

Related articles