दून पुलिस की मुस्तैदी को मिला सलाम, आरटीओ ने भेजा प्रशंसा पत्र, कर्मियों को किया सम्मानित
देहरादून। दून पुलिस की कर्तव्यनिष्ठा और मुस्तैदी को एक बार फिर सराहना मिली है। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) संदीप सैनी ने देर रात ड्यूटी कर रहे पुलिस कर्मियों की कार्यशैली से प्रभावित होकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रशंसा पत्र भेजा।
आरटीओ ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि 11 अप्रैल की देर रात मसूरी डायवर्जन पर तैनात पुलिस कर्मी पूरी तत्परता, शालीनता और विनम्र व्यवहार के साथ ड्यूटी कर रहे थे। देर रात होने के बावजूद उनका सकारात्मक रवैया आमजन के बीच पुलिस के प्रति विश्वास और सम्मान को और मजबूत करता है।
इस प्रशंसा पत्र का संज्ञान लेते हुए एसएसपी देहरादून ने उसी रात ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को सम्मानित किया। साथ ही अन्य पुलिसकर्मियों से भी अपेक्षा की गई कि वे कर्तव्यनिष्ठा और शालीनता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, जिससे पुलिस की सकारात्मक छवि और मजबूत हो।
एसएसपी ने आरटीओ को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए शुभकामनाएं भी प्रेषित कीं और आश्वस्त किया कि दून पुलिस आमजन की सुरक्षा के लिए 24×7 मुस्तैदी से कार्य करती रहेगी।
सम्मानित किए गए पुलिस कर्मियों में उपनिरीक्षक दीपक द्विवेदी, हेड कांस्टेबल मनोज, हेड कांस्टेबल दिनेश प्रसाद और कांस्टेबल अंकित पंत शामिल हैं।

