प्रधानमंत्री दौरे से पहले सुरक्षा का फुल ड्रेस रिहर्सल, 3000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात
देहरादून ।14 अप्रैल को प्रस्तावित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे को लेकर सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट हैं। कार्यक्रम से पूर्व पुलिस, प्रशासन और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने संयुक्त रूप से ‘मिनट-टू-मिनट’ रिहर्सल कर सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाओं का विस्तृत परीक्षण किया।
रिहर्सल के बाद पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने पुलिस लाइन देहरादून में अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा और ब्रीफिंग की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध, समन्वित और त्रुटिरहित हों तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
डीजीपी ने बताया कि अभेद्य सुरक्षा के लिए 3000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। वीवीआईपी रूट और कार्यक्रम स्थल पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। सभी प्रतिभागियों का पूर्व सत्यापन अनिवार्य किया गया है और बिना जांच किसी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
कार्यक्रम स्थल पर एचएचएमडी और डीएफएमडी के माध्यम से सघन चेकिंग की जाएगी। ड्रोन संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा, जबकि संवेदनशील स्थानों पर बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वाड की तैनाती की जाएगी।
अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे ड्यूटी के दौरान पूरी सतर्कता बरतें और कार्यक्रम के दौरान आमजन की सुरक्षित आवाजाही व निकासी सुनिश्चित करें।
ब्रीफिंग में महानिदेशक,अभिसूचना एवं सुरक्षा, श्री अभिनव कुमार, अपर पुलिस महानिदेशक, अपराध एवं कानून व्यवस्था श्री वी. मुरुगेशन, पुलिस महानिरीक्षक, गढ़वाल परिक्षेत्र श्री राजीव स्वरूप, पुलिस महानिरीक्षक, अपराध एवं कानून व्यवस्था श्री सुनील कुमार मीणा, पुलिस उप महानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था, श्री धीरेन्द्र गुंज्याल, पुलिस उप महानिरीक्षक/प्रधानाचार्य पीटीसी, श्री यशवंत चौहान, समस्त जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।

