पीएम दौरे पर कांग्रेस का हमला, गणेश गोदियाल बोले—जनता के मुद्दों से बची सरकार
देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देहरादून दौरे पर उत्तराखंड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में राज्य के ज्वलंत मुद्दों और जनता से जुड़े सवालों को पूरी तरह नजरअंदाज किया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा उठाए गए 10 महत्वपूर्ण सवालों पर प्रधानमंत्री ने कोई जवाब नहीं दिया। अग्निपथ योजना का जिक्र करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि इससे युवाओं के सेना में भर्ती होने के सपनों को झटका लगा है। साथ ही राज्य में बढ़ते महिला अपराध और अंकिता भंडारी हत्याकांड जैसे मामलों पर भी प्रधानमंत्री की चुप्पी को उन्होंने गंभीर बताया।
गोदियाल ने कहा कि भर्ती घोटालों, सीबीआई जांच की स्थिति और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर भी कोई स्पष्टता नहीं दी गई। दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर को लेकर उन्होंने कहा कि सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि इससे उत्तराखंड को वास्तविक लाभ क्या मिलेगा और क्या इससे राज्य की मूल समस्याओं का समाधान होगा।
उन्होंने देहरादून में बढ़ते यातायात दबाव को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि शहर की मौजूदा सड़कें और पब्लिक ट्रांसपोर्ट व्यवस्था इतनी सक्षम नहीं हैं कि बढ़ते ट्रैफिक को संभाल सकें। बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटकों के कारण शहर “चोक पॉइंट” बन सकता है, ऐसे में ठोस ट्रैफिक प्लान जरूरी है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री के रोड शो में भीड़ जुटाने के लिए छात्रों, आंगनवाड़ी और अन्य कर्मियों को दबाव में लाया गया। उन्होंने इसे सरकार की घटती लोकप्रियता का संकेत बताया। अंत में उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक जिम्मेदार विपक्ष के रूप में जनता के मुद्दे उठाती रहेगी और सरकार को जवाब देना होगा।

