नैनीताल में ब्लॉक प्रमुखों की बैठक, एकता, पारदर्शिता और विकास कार्यों पर जोर

Spread the love

नैनीताल। जनपद के भीमताल विकासखंड में आठों ब्लॉक प्रमुखों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें संगठन की एकता, मजबूती और विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से लागू करने पर व्यापक चर्चा हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य पंचायतों को सशक्त बनाना, विकास कार्यों में पारदर्शिता लाना और आपसी समन्वय को मजबूत करना रहा।

बैठक में क्षेत्र पंचायत समिति (BDC) की बैठकों में जिलाधिकारी सहित संबंधित विभागीय अधिकारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। ब्लॉक प्रमुखों ने एक स्वर में कहा कि उच्च अधिकारियों की सहभागिता से योजनाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा और स्थानीय समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो सकेगा। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि ब्लॉक स्तर पर किसी भी प्रकार का अनावश्यक हस्तक्षेप बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इसके खिलाफ एकजुट होकर कार्रवाई की जाएगी।

इस दौरान ब्लॉक प्रमुख संगठन की कार्यकारिणी के गठन को लेकर भी चर्चा की गई। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी बैठक में कार्यकारिणी का विधिवत गठन किया जाएगा, जिससे संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके। बैठक में सभी जनप्रतिनिधियों ने जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।

इससे पूर्व भीमताल पहुंचने पर ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश सिंह बिष्ट ने सभी का स्वागत किया। यह बैठक जनप्रतिनिधियों के बीच एकजुटता और विकास के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक रही।

बैठक में डॉ. हरीश सिंह बिष्ट, मंजू गौड़, डी रूवाली, मंजू नेगी, मनीषा जंतवाल, भावना आर्य, अंकित साह, दीपक कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles