नैनीताल पुलिस ने 66 लाख की स्मैक के साथ 3 तस्कर किए गिरफ्तार
नैनीताल। जनपद में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देशन में एसओजी और हल्द्वानी पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 221 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है, जिसकी कीमत करीब 66 लाख 30 हजार रुपये आंकी गई है। वहीं अलग-अलग मामलों में दो अन्य स्मैक तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार 14 अप्रैल 2026 को भोटिया पड़ाव क्षेत्र में चेकिंग के दौरान संदिग्ध व्यक्ति की तलाशी ली गई, जिसमें उसके कब्जे से भारी मात्रा में स्मैक, नगदी और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद हुए। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान विजय सिंह नेगी (35 वर्ष) के रूप में हुई है, जिसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी नशा तस्करी के मामले दर्ज हैं।
बरामदगी में 221 ग्राम स्मैक, ₹14,520 नगद, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू और मोबाइल फोन शामिल हैं। इस कार्रवाई के लिए पुलिस टीम को एसएसपी द्वारा 1500 रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
इसी अभियान के तहत दूसरे मामले में हल्द्वानी के राजपुरा क्षेत्र से 4.18 ग्राम स्मैक के साथ गुलशन (28 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया, जबकि तीसरे मामले में वनभूलपुरा पुलिस ने मेराज अली (45 वर्ष) को 11.72 ग्राम स्मैक के साथ पकड़ा। मेराज अली के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने स्पष्ट किया कि नैनीताल पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

