चारधाम यात्रा को लेकर एडीजी डॉ. वी. मुरुगेशन ने उत्तरकाशी में की प्रेसवार्ता, सुरक्षा व ट्रैफिक प्लान की दी विस्तृत जानकारी

चारधाम यात्रा को लेकर एडीजी डॉ. वी. मुरुगेशन ने उत्तरकाशी में की प्रेसवार्ता, सुरक्षा व ट्रैफिक प्लान की दी विस्तृत जानकारी
Spread the love

उत्तरकाशी। चारधाम यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित बनाने के लिए अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) डॉ. वी. मुरुगेशन ने उत्तरकाशी में प्रेसवार्ता कर यात्रा एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 19 अप्रैल को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ ही यात्रा का शुभारंभ होगा।

एडीजी ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। भीड़ एवं यातायात प्रबंधन के तहत मुख्य पड़ावों और ट्रैफिक दबाव वाले क्षेत्रों में विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। दिन के समय भारी वाहनों पर प्रतिबंध रहेगा तथा बाजार क्षेत्रों में वाहनों को निर्धारित पार्किंग में खड़ा कर श्रद्धालुओं को पैदल भेजने की व्यवस्था लागू की जाएगी।

यात्रा मार्ग के संवेदनशील स्थानों, नैरो पैच, बॉटलनेक और ब्लैक स्पॉट पर वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू की गई है। सुचारू यातायात के लिए 38 मोटरसाइकिल, 2 इंटरसेप्टर, 4 हाईवे पेट्रोल यूनिट, 2 क्रेन और 6 नई बुलेट मोटरसाइकिलों को तैनात किया गया है।

सुरक्षा के दृष्टिकोण से धामों और यात्रा मार्गों पर 190 सीसीटीवी कैमरे, 3 ड्रोन, 6 डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (DFMD) और 60 हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (HHMD) लगाए गए हैं। इसके अलावा एटीएस, बीडीएस और सीएपीएफ की टीमें भी तैनात रहेंगी।

यात्रियों की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर 7455939993 और 9411112976 जारी किए गए हैं। साथ ही उत्तराखण्ड पुलिस ऐप, वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से यात्रा, मौसम और मार्ग की स्थिति की रियल-टाइम जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
सोशल मीडिया पर निगरानी बढ़ाते हुए अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए विशेष पुलिस टीमें गठित की गई हैं। यात्रा ड्यूटी के लिए 6 थाने, 9 रिपोर्टिंग चौकियां, 13 सीजनल चौकियां और 11 नए बैरक स्थापित किए गए हैं।

प्रेसवार्ता से पूर्व एडीजी ने काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर यात्रा की सफलता और श्रद्धालुओं की कुशलता की कामना की। इस दौरान पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय भी उपस्थित रहीं।

देवभूमि खबर

Related articles