चारधाम यात्रा खाद्य पदार्थों में मिलावट पर सख्ती, हरिद्वार में लगातार छापेमारी के निर्देश
हरिद्वार। चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को शुद्ध एवं गुणवत्ता युक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने खाद्य सुरक्षा विभाग को जनपद में संचालित होटल, ढाबों, रेस्टोरेंट और दुकानों पर लगातार छापेमारी करने के निर्देश दिए हैं।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा महिमानंद जोशी ने बताया कि आयुक्त खाद्य सुरक्षा सचिन कुर्वे एवं जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में जनपद में अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत 17 अप्रैल को खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश टम्टा द्वारा रोड़ी बेलवाला, ज्वालापुर और सीतापुर क्षेत्रों में 10 से 12 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान 3 प्रतिष्ठानों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 की धारा 55 के तहत नोटिस जारी किए गए। साथ ही सभी खाद्य विक्रेताओं को लाइसेंस प्रदर्शित करने और फूड सेफ्टी डिस्प्ले बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए।
वहीं रुड़की-भगवानपुर क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार द्वारा होटलों और रेस्टोरेंट का निरीक्षण कर कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाण पत्र, पेस्ट कंट्रोल और पानी की जांच रिपोर्ट सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी कर्मियों को फोस्टैक (FOSTAC) प्रशिक्षण देने पर भी जोर दिया गया, जिस पर संबंधित प्रतिष्ठानों ने सहमति जताई।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चारधाम यात्रा-2026 को देखते हुए जनपद भर में यह अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जा सके।

