चारधाम यात्रा को लेकर गढ़वाल पुलिस का मास्टर प्लान तैयार, 24×7 कंट्रोल रूम व हाईटेक निगरानी व्यवस्था
देहरादून। चारधाम यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुचारू रूप से सम्पन्न कराने के लिए गढ़वाल पुलिस ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। पुलिस महानिरीक्षक, गढ़वाल परिक्षेत्र द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता में बताया गया कि इस वर्ष यात्रा को अधिक डिजिटल, सुरक्षित और सुविधायुक्त बनाने के लिए विशेष मास्टर प्लान तैयार किया गया है।
यात्रा की 24 घंटे निगरानी के लिए सरदार पटेल भवन में अत्याधुनिक “चारधाम कंट्रोल रूम” स्थापित किया गया है, जहां से पूरी यात्रा पर नजर रखी जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए संपूर्ण यात्रा मार्ग को 16 सुपर जोन, 43 जोन और 149 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। इसके तहत जनपद पुलिस के साथ PAC, होमगार्ड और PRD के जवानों की तैनाती की गई है। साथ ही SDRF, ATS, BDS और जल पुलिस की टीमें भी सक्रिय रहेंगी।
यात्रा मार्ग और धामों में व्यापक स्तर पर CCTV कैमरे लगाए गए हैं तथा भीड़ नियंत्रण और निगरानी के लिए ड्रोन कैमरों का उपयोग किया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पार्किंग स्थल और हॉल्टिंग पॉइंट भी विकसित किए गए हैं।
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए बॉटल नेक, ब्लैक स्पॉट और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों को चिन्हित कर विशेष प्रबंध किए गए हैं।
यात्रियों के पंजीकरण के लिए हरिद्वार, देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली और उत्तरकाशी में ऑफलाइन पंजीकरण केंद्र संचालित किए जा रहे हैं।
आईजी गढ़वाल ने यात्रियों से अपील की है कि वे हेली सेवा और पंजीकरण केवल आधिकारिक वेबसाइट से ही कराएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचें। सोशल मीडिया के माध्यम से मौसम, आपदा और मार्ग की स्थिति की रियल-टाइम जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि गढ़वाल पुलिस हर श्रद्धालु की सुरक्षित और सहज यात्रा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

