सीएम हेल्पलाइन-1905 पर लंबित शिकायतों के निस्तारण हेतु विशेष अभियान, फोर्स क्लोज पर सख्ती
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सीएम हेल्पलाइन-1905 पर 30 दिनों से अधिक समय से लंबित शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना जिलाधिकारी, विभागाध्यक्ष या संबंधित सचिव की संस्तुति के किसी भी स्तर पर शिकायतों को फोर्स क्लोज नहीं किया जाएगा।
सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि बिना पर्याप्त कार्यवाही के शिकायतों को फोर्स क्लोज करने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन जनता के विश्वास का महत्वपूर्ण माध्यम है और प्रत्येक शिकायत का समाधान शिकायतकर्ता की संतुष्टि तक किया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों और विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित शिकायतों की नियमित समीक्षा बैठक कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों को मुख्यमंत्री कार्यालय में प्राप्त प्रत्यक्ष शिकायतों के समान गंभीरता से लिया जाए। साथ ही जिलाधिकारी स्तर पर साप्ताहिक और सचिव स्तर पर मासिक दो बार समीक्षा अनिवार्य की गई है।
बैठक में बताया गया कि शिकायत निस्तारण में एआई आधारित डेटा विश्लेषण का उपयोग किया जा रहा है, जिससे शिकायतों के पूर्वानुमान और हॉटस्पॉट की पहचान में मदद मिल रही है। ग्रीष्मकाल में पेयजल, ऊर्जा, शहरी विकास और गृह विभाग से संबंधित शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आई हैं। देहरादून, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में सबसे अधिक शिकायतें दर्ज हुईं, जबकि उत्तरकाशी और चम्पावत बेहतर प्रदर्शन करने वाले जिले रहे।
मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों की सराहना करते हुए ऊर्जा विभाग उत्तरकाशी के अधिशासी अभियंता मनोज गुसाई और पौड़ी के अभिनव रावत से वार्ता की। दोनों अधिकारियों ने शिकायतों के समाधान के लिए विशेष मॉनिटरिंग और समन्वय तंत्र विकसित करने की जानकारी दी।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने शिकायतकर्ताओं से भी संवाद किया। देहरादून की बीना ढींगरा की एनपीएस पेंशन समस्या पर उन्होंने 2 दिन में समाधान के निर्देश दिए। वहीं हरिद्वार के तरुण सिंह की जल निकासी समस्या और देहरादून के सुरेंद्र कुमार नागपाल की स्ट्रीट लाइट शिकायत के त्वरित समाधान के निर्देश भी दिए गए।
इस अवसर पर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं सभी जनपदों के जिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।

