फर्जी आर्मी जवान बनकर युवती से ठगी: 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार
चमोली।सोशल मीडिया पर फर्जी पहचान बनाकर युवती को प्रेम जाल में फंसाने और ब्लैकमेल कर ₹1 लाख ठगने वाले आरोपी को चमोली पुलिस ने महज 24 घंटे में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने खुद को आर्मी जवान बताकर युवती से दोस्ती की और निजी फोटो-वीडियो हासिल कर उन्हें वायरल करने की धमकी देकर पैसे वसूले।
पीड़िता की शिकायत के अनुसार, वर्ष 2024 में उसकी फेसबुक के माध्यम से रुड़की निवासी युवक से पहचान हुई। वर्ष 2025 में रुड़की रेलवे स्टेशन पर मुलाकात के दौरान आरोपी ने अपना नाम कुलदीप भंडारी बताते हुए खुद को सेना में कार्यरत बताया। झांसे में आकर युवती ने अपनी निजी फोटो और वीडियो साझा कर दी, जिसके बाद आरोपी ने ब्लैकमेल कर ₹1,00,000 वसूल लिए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। कोतवाली कर्णप्रयाग में BNS की धाराओं 78(2), 308(4) और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस उपाधीक्षक त्रिवेंद्र सिंह राणा और प्रभारी निरीक्षक विनोद थपलियाल के निर्देशन में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सर्विलांस के आधार पर आरोपी की लोकेशन ढंडेरा में ट्रेस की। इसके बाद 18 अप्रैल 2026 को आरोपी कुलदीप भंडारी (22 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन (रेडमी नोट 13 प्रो) भी बरामद किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर 14 दिन की रिमांड पर भेजा जा रहा है।
पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय सिंह नेगी, उपनिरीक्षक सरोज नौटियाल, हेड कांस्टेबल प्रदीप बहुखंडी और अंकित पोखरियाल (एसओजी) शामिल रहे।
चमोली पुलिस ने आमजन से सोशल मीडिया पर सतर्क रहने और अंजान लोगों के साथ निजी जानकारी, फोटो या वीडियो साझा न करने की अपील की है। किसी भी साइबर ठगी या ब्लैकमेलिंग की स्थिति में तुरंत पुलिस या साइबर हेल्पलाइन से संपर्क करने को कहा गया है।

