चारधाम को लेकर एसपी चमोली ने की समीक्षा,उपनिरीक्षक सतेन्द्र बुटोला व मानवेन्द्र गुसाईं बने “पुलिस मैन ऑफ द मंथ”

चारधाम को लेकर एसपी चमोली ने की समीक्षा,उपनिरीक्षक सतेन्द्र बुटोला व मानवेन्द्र गुसाईं बने “पुलिस मैन ऑफ द मंथ”
Spread the love

चमोली। चारधाम यात्रा 2026 को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए चमोली पुलिस पूरी तरह तैयार है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने 20 अप्रैल को पुलिस कार्यालय सभागार में मासिक अपराध गोष्ठी एवं सैनिक सम्मेलन आयोजित कर यात्रा व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की।

गोष्ठी में जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना-चौकी प्रभारी, फायर सर्विस, दूरसंचार और अन्य शाखाओं के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक की शुरुआत कर्मचारियों की समस्याएं सुनकर उनके त्वरित समाधान के निर्देशों के साथ हुई।

चारधाम यात्रा को लेकर एसपी ने सभी थाना प्रभारियों से तैयारियों का ब्यौरा लिया और बाहरी जनपदों से आने वाले पुलिस बल के लिए आवास सहित आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने को कहा। यात्रा मार्गों पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए रूट डायवर्जन प्लान का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए।

बॉटलनेक स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल और वायरलेस हैडसेट की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि यातायात बाधित न हो। वहीं बिना पंजीकरण पहुंचे यात्रियों के साथ संवेदनशील व्यवहार रखते हुए उनका ऑफलाइन पंजीकरण कराने के निर्देश भी दिए गए।

यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर वाहन संचालन का समय प्रातः 4 बजे से रात्रि 10 बजे तक निर्धारित किया गया है। रात्रि में यात्री वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।

भूस्खलन और अन्य आपात स्थितियों से निपटने के लिए न्यूनतम रिस्पॉन्स टाइम में त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। साथ ही बद्रीनाथ धाम में वायरलेस कनेक्टिविटी को मजबूत बनाए रखने और बैरियरों पर सघन चेकिंग अभियान चलाने को कहा गया।

सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जा सके।

एसपी ने सभी पुलिस कर्मियों को श्रद्धालुओं के साथ मित्रवत व्यवहार रखने और अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने के निर्देश दिए। साथ ही लंबित मामलों के शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए भी सख्ती दिखाई गई।

इस अवसर पर उपनिरीक्षक सतेन्द्र बुटोला और उपनिरीक्षक मानवेन्द्र गुसाईं को “पुलिस मैन ऑफ द मंथ” घोषित किया गया, जबकि 15 अन्य पुलिसकर्मियों को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।

देवभूमि खबर

Related articles