पिथौरागढ़ जनसुनवाई: पेयजल, सड़क व विस्थापन मुद्दों पर सख्त निर्देश, विधायक ने टैंकर व लिफ्ट का मामला उठाया

पिथौरागढ़ जनसुनवाई: पेयजल, सड़क व विस्थापन मुद्दों पर सख्त निर्देश, विधायक ने टैंकर व लिफ्ट का मामला उठाया
Spread the love

पिथौरागढ़। सोमवार को आयोजित जनसुनवाई दिवस में जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने पेयजल, सड़क, विद्युत, वन, आर्थिक सहायता, विस्थापन और कुटीर उद्योग से जुड़े मामलों की सुनवाई की। उन्होंने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में विधायक मयूख सिंह महर ने पेयजल व्यवस्था मजबूत करने के लिए दो पानी के टैंकर और महिला चिकित्सालय में लिफ्ट स्थापना का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि दोनों कार्यों के लिए करीब 40-40 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत हो चुकी है और शीघ्र कार्य पूर्ण कराने की आवश्यकता है।

सिमलखेत पेयजल योजना की शिकायत में ग्रामीणों ने बताया कि योजना अधूरी होने के बावजूद उसे पूर्ण दिखाकर ग्राम पंचायत को सौंप दिया गया है। क्षेत्र में आज भी लोग 35 वर्ष पुरानी जर्जर लाइन पर निर्भर हैं। जिलाधिकारी ने मामले की जांच कर शीघ्र पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

तहसील बंगापानी के आपदा प्रभावित विस्थापित परिवारों ने संपर्क मार्ग और पेयजल की समस्या उठाई। चार से पांच वर्ष बाद भी मूलभूत सुविधाएं न मिलने पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में कुटीर उद्योग के लिए भवन उपलब्ध कराने, मानागांव पेयजल योजना के संचालन में आ रही दिक्कतों सहित अन्य कई मामले भी सामने आए। जिलाधिकारी ने सभी मामलों में स्पष्ट रिपोर्ट और समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में उपजिलाधिकारी सदर जितेन्द्र वर्मा, जिला विकास अधिकारी रमा गोस्वामी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.एस. नबियाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles