जनता दरबार में 167 शिकायतें, बुजुर्ग उत्पीड़न से लेकर अतिक्रमण तक प्रशासन सख्त
देहरादून।जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर कलेक्ट्रेट परिसर में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह की अध्यक्षता में आयोजित जनता दरबार में कुल 167 शिकायतें दर्ज की गईं। भूमि विवाद, अतिक्रमण, भरण-पोषण, आर्थिक सहायता और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मामलों में अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष मामलों में संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई में कई संवेदनशील मामले सामने आए, जिनमें बुजुर्गों द्वारा पुत्र-पुत्रवधू पर उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए गए। फतेहपुर निवासी 80 वर्षीय बीर सिंह और इंद्रा कॉलोनी निवासी अशोक कुमार धवन ने मारपीट और प्रताड़ना की शिकायत की, जिस पर प्रशासन ने वरिष्ठ नागरिक अधिनियम के तहत कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं शकुंतला कौर के मामले में भरण-पोषण अधिनियम के अंतर्गत वाद दर्ज करने के निर्देश दिए गए।
आर्थिक तंगी से जूझ रहे परिवारों के मामलों में भी प्रशासन ने राहत के संकेत दिए। कांवली रोड निवासी अमरजीत कौर की बेटियों की शिक्षा के लिए नंदा सुनंदा योजना से सहायता देने के निर्देश दिए गए, जबकि छात्र आर्यन रमोला के फीस मामले में विद्यालय प्रबंधन से समन्वय कर समाधान के निर्देश दिए गए।
दिव्यांग बुजुर्ग वीरेन्द्र धीमान की आर्थिक सहायता के लिए प्रक्रिया शुरू करने और ऋण माफी के मामले में जांच रिपोर्ट तलब करने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा इन्द्रा एन्क्लेव में बिना अनुमति मोबाइल टावर स्थापना पर रोक लगाते हुए जांच शुरू की गई।
ग्रामीण क्षेत्रों से आई शिकायतों पर भी प्रशासन सख्त नजर आया। टीकरी में सार्वजनिक मार्ग पर अतिक्रमण हटाने के आदेश दिए गए, जबकि मोटर मार्ग निर्माण में देरी और गुणवत्ता पर सवाल उठने पर संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट तलब की गई।
जनता दरबार में अपर जिलाधिकारी केके मिश्रा, एसडीएम स्मृता परमार, अपूर्वा सिंह, कुमकुम जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे और सभी को शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए।

