केदारनाथ यात्रा व्यवस्थाओं की उच्चस्तरीय समीक्षा, स्वच्छता-सुरक्षा पर सख्त निर्देश—रात्रि आवागमन प्रतिबंधित
देहरादून।गढ़वाल मंडल आयुक्त विनय शंकर पांडेय एवं आईजी राजीव स्वरूप ने रुद्रप्रयाग पहुंचकर श्री केदारनाथ धाम यात्रा व्यवस्थाओं की व्यापक समीक्षा की। जिला कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ यात्रा संचालन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि अब तक 3 लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा केदारनाथ के दर्शन कर चुके हैं। 31 हजार से अधिक यात्रियों को चिकित्सा सुविधाएं प्रदान की गई हैं, जबकि 11 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने हेली सेवाओं का उपयोग किया है। यात्रा मार्ग पर घोड़ा-खच्चर, डंडी-कंडी सेवाओं का भी बड़ी संख्या में उपयोग हो रहा है।
बैठक में स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शौचालयों की नियमित सफाई, पर्याप्त कार्मिक तैनाती और रेंडम चेकिंग के निर्देश दिए गए। साथ ही भ्रामक खबरों पर कड़ी निगरानी रखते हुए संबंधित विभागों को तत्काल तथ्य प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
हेली सेवाओं में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए निर्धारित दरों पर ही टिकट बिक्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सोनप्रयाग में रजिस्ट्रेशन काउंटर पर भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष योजना लागू करने को कहा गया। धाम क्षेत्र में फायर ऑडिट और अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
सुरक्षा के दृष्टिगत बड़ा निर्णय लेते हुए रात्रि 10:00 बजे से प्रातः 4:00 बजे तक यात्रा मार्ग पर यात्री आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित किया गया है। केवल आवश्यक वस्तुओं के परिवहन को अनुमति होगी। उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों से सुझाव लेते हुए विधायक आशा नौटियाल ने सड़क, पार्किंग, शौचालय और साइन बोर्ड से जुड़ी समस्याएं उठाईं, जिन पर प्रशासन ने शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।
आयुक्त ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी विभाग समन्वय के साथ सुरक्षित एवं सुगम यात्रा संचालन के लिए कार्य कर रहे हैं। मौसम की प्रतिकूलता की स्थिति में यात्रा को अस्थायी रूप से रोके जाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

