ऋषिकेश में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, तीन कुख्यात शराब तस्कर गिरफ्तार

ऋषिकेश में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, तीन कुख्यात शराब तस्कर गिरफ्तार
Spread the love

ऋषिकेश। आबकारी निरीक्षक श्रीमती प्रेरणा बिष्ट के नेतृत्व में जे जे ग्लास फैक्ट्री, शांतिनगर बनखंडी एवं जाटव बस्ती क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान आबकारी विभाग ने तीन कुख्यात शराब तस्करों को लगभग छह पेटी अवैध शराब के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया। बरामद शराब की बाजार कीमत करीब 50 हजार रुपये आंकी गई है।

पहली कार्रवाई मुखबिर की सूचना पर जे जे ग्लास फैक्ट्री के सामने स्थित दो ढाबों पर की गई, जहां से रिंकु पुत्र छत्रर सिंह और राहुल नौनियाल पुत्र अनिल नौनियाल निवासी नीम करोली मंदिर, आईडीपीएल कॉलोनी को भारी मात्रा में अवैध शराब के साथ पकड़ा गया।

दूसरी कार्रवाई शांतिनगर बनखंडी क्षेत्र में की गई, जहां एक घर में दबिश देकर हिमांशु पुत्र मनोज निवासी जाटव बस्ती को अवैध शराब की बिक्री करते हुए गिरफ्तार किया गया। आबकारी विभाग को लंबे समय से इन तीनों तस्करों की तलाश थी।

पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने शराब तस्करी से जुड़े कई अन्य लोगों के नाम उजागर किए। इसके बाद आबकारी टीम ने संदिग्ध दुकानों और ठिकानों पर भी तलाशी अभियान चलाया। विभाग द्वारा शहर में गोपनीय धरपकड़ अभियान लगातार जारी है।

आबकारी निरीक्षक प्रेरणा बिष्ट ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि यदि कहीं भी अवैध शराब से संबंधित गतिविधियां संचालित हो रही हों तो इसकी सूचना तुरंत आबकारी विभाग को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

तीनों अभियुक्तों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि भविष्य में दोबारा शराब तस्करी में पकड़े जाने पर गैंगस्टर एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अभियान में उप आबकारी निरीक्षक पान सिंह राणा, प्रधान आबकारी सिपाही अर्जुन सिंह, दीपा डोबरियाल तथा आबकारी सिपाही रीना, अंकित कुमार, आशीष चौहान, रेशमा और सोनम सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles