हरिद्वार पुलिस को बड़ी सफलता, ATM फ्रॉड गिरोह का पर्दाफाश; 17 संदिग्ध ATM कार्ड समेत दो शातिर गिरफ्तार

हरिद्वार पुलिस को बड़ी सफलता, ATM फ्रॉड गिरोह का पर्दाफाश; 17 संदिग्ध ATM कार्ड समेत दो शातिर गिरफ्तार
Spread the love

हरिद्वार। नवनीत सिंह के नेतृत्व में हरिद्वार पुलिस को ATM फ्रॉड के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। हरिद्वार पुलिस की कोतवाली बहादराबाद पुलिस ने ATM बदलकर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 17 संदिग्ध ATM कार्ड, घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की पल्सर मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और ₹900 नकद बरामद किए गए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनपद में बढ़ रही ATM ठगी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक बहादराबाद को विशेष टीम गठित कर ATM बूथों के आसपास निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए थे।

दिनांक 08 मई 2026 को उपनिरीक्षक हेमदत्त भारद्वाज पुलिस टीम के साथ SBI ATM बूथ, बहादराबाद पीपल चौक के पास संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की काले रंग की पल्सर बाइक पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा कर दोनों को घेराबंदी करते हुए पकड़ लिया।

पूछताछ में एक आरोपी ने अपना नाम शिवा उर्फ शिव निवासी फेरुपुर महाराणा प्रताप कॉलोनी थाना पथरी बताया। उसके कब्जे से 10 ATM कार्ड, मोबाइल फोन और नकदी बरामद हुई। दूसरे आरोपी मधुसूदन उर्फ मनोज निवासी गढ़मीरपुर थाना रानीपुर के पास से 7 ATM कार्ड, मोबाइल फोन और नकदी बरामद हुई।

सख्ती से पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे ATM बूथों में बुजुर्गों, महिलाओं और कम पढ़े-लिखे लोगों की मदद करने के बहाने उनके ATM कार्ड बदल लेते थे और बाद में खातों से पैसे निकालकर ठगी करते थे। आरोपी पूर्व में भी ATM फ्रॉड के मामलों में जेल जा चुके हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी घटना के समय भी किसी व्यक्ति को निशाना बनाने की फिराक में ATM बूथ के आसपास घूम रहे थे, लेकिन पुलिस की सतर्कता के चलते पकड़ लिए गए।

इस संबंध में कोतवाली बहादराबाद में मु0अ0सं0-111/2026 के तहत अभियोग पंजीकृत कर दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह, उपनिरीक्षक हेमदत्त भारद्वाज, कांस्टेबल बिरेन्द्र सिंह, मुकेश नेगी एवं नितुल यादव शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles