नीट-यूजी 2026 परीक्षा रद्द होना युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय : गणेश गोदियाल

नीट-यूजी 2026 परीक्षा रद्द होना युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय : गणेश गोदियाल
Spread the love

देहरादून। गणेश गोदियाल ने नीट-यूजी 2026 परीक्षा रद्द किए जाने के निर्णय को देश के करोड़ों युवाओं के भविष्य के साथ गंभीर अन्याय बताया है। उन्होंने कहा कि यह केवल परीक्षा रद्द होने का मामला नहीं, बल्कि केंद्र सरकार की विफल, असंवेदनशील और भ्रष्ट परीक्षा व्यवस्था का प्रत्यक्ष प्रमाण है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि लाखों विद्यार्थियों ने वर्षों की मेहनत, मानसिक तनाव और परिवारों के आर्थिक त्याग के बाद इस परीक्षा में भाग लिया था। उत्तराखंड के भी लगभग 21 हजार विद्यार्थियों ने नीट परीक्षा दी थी। अब परीक्षा रद्द होने से छात्रों और अभिभावकों को भारी मानसिक, आर्थिक और भावनात्मक आघात पहुंचा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी “परीक्षा पे चर्चा” तो करते हैं, लेकिन उनकी सरकार “परीक्षा की सुरक्षा” सुनिश्चित करने में विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले दस वर्षों में देशभर में 89 पेपर लीक हुए और 48 परीक्षाएं दोबारा आयोजित करनी पड़ीं, जो परीक्षा प्रणाली की गंभीर विफलता को दर्शाता है।

गोदियाल ने कहा कि नकल माफिया, भ्रष्ट अधिकारियों और राजनीतिक संरक्षण के बिना इस प्रकार के संगठित अपराध संभव नहीं हैं। जब तक ऐसे तत्वों पर सख्त कार्रवाई नहीं होगी, तब तक पेपर लीक जैसी घटनाएं रुकने वाली नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड भी भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं का साक्षी रहा है। भाजपा शासन के पिछले वर्षों में कई भर्ती परीक्षाएं विवादों में रहीं, कहीं प्रश्नपत्र लीक हुए तो कहीं परिणामों में भाई-भतीजावाद और पक्षपात के आरोप लगे। कई मामलों में सत्ता पक्ष से जुड़े लोगों की संलिप्तता भी सामने आई।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने केंद्र सरकार से पूरे मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कर दोषियों को कठोर दंड देने, छात्रों को हुई मानसिक एवं आर्थिक क्षति की भरपाई करने, पुनर्परीक्षा के लिए पर्याप्त समय और सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार लागू करने की मांग की।

उन्होंने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं और उनके भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जा सकता। कांग्रेस पार्टी देश और उत्तराखंड के प्रत्येक छात्र-युवा के साथ मजबूती से खड़ी है।

देवभूमि खबर

Related articles